खनन घोटाले में CBI की विशेष अदालत ने येद्दयुरप्पा को किया बरी
सीबीआई की एक विशेष अदालत ने आज घूसखोरी के मामले में कर्नाटक के पूर्व सीएम येदियुरप्पा को बरी कर दिया है।
बेंगलुरु, प्रेट्र/आइएएनएस। वरिष्ठ भाजपा नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येद्दयुरप्पा को अवैध खनन मामले में सीबीआइ अदालत से बहुत बड़ी राहत मिली है। कोर्ट ने 40 करोड़ रुपये के इस घोटाले में येद्दयुरप्पा को बरी कर दिया है। बुधवार को खचाखच भरे अदालत कक्ष में विशेष सीबीआइ अदालत के न्यायाधीश ने उनके दो बेटों, दामाद और नौ अन्य लोगों को भी बरी कर दिया।
उल्लेखनीय है कि खनन घोटाले में नाम आना येद्दयुरप्पा के राजनीतिक जीवन के लिए सबसे बड़ा झटका साबित हुआ था। 2011 में तत्कालीन लोकायुक्त संतोष हेगड़े द्वारा अभियोग चलाए जाने के बाद उनको मुख्यमंत्री पद से त्यागपत्र देना पड़ा था। उसी साल अक्टूबर में उनको तीन सप्ताह के लिए जेल भी जाना पड़ा।
इसके बाद अक्टूबर 2015 में सीबीआइ ने येदि, उनके बेटों बीवाइ राघवेंद्र और बीवाइ विजयेंद्र, दामाद सोहन कुमार, बेल्लारी की एक निजी इस्पात कंपनी और शिमोगा के एक ट्रस्ट के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया। इसमें भाजपा नेता और उनके रिश्तेदारों पर पद के दुरुपयोग व रिश्वतखोरी का आरोप लगाया गया था। येद्दयुरप्पा ने खुद को बरी किए जाने के अदालत के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले से पार्टी के लाखों कार्यकर्ताओं को राहत मिली है।
क्या कहा कर्नाटक के पूर्व सीएम ने
सत्य की हमेशा जीत होती है। मुझे न्याय मिल गया है। मुझे खुशी है कि राजनीतिक साजिश के तहत मेरे ऊपर लगाए गए झूठे आरोपों को अदालत ने खारिज कर दिया है।
-बीएस येद्दयुप्पा, कर्नाटक के पूर्व सीएम
इस फैसले से हम हैरान हैं। उन पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप थे। लेकिन सीबीआइ को दिए गए साक्ष्यों की अनदेखी कर दी गई। यह राजनीतिक दखल का स्पष्ट उदाहरण है।
-संजय झा, कांग्रेस नेता
पढ़ें- खनन घोटाला मामले में पूछताछ के दौरान कोर्ट में छलक पड़े येदियुरप्पा के आंसू