मोदी से सोनिया तक के नाम पर ठगी करने वाले धरे गए
मोदी के नाम पर लोगों को ठगने वाले अतुल कुमार और जगमोहन सिंह के खिलाफ सीबीआइ ने एफआइआर दर्ज कर ली है।
जेएनएन, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले दो लोगों के खिलाफ सीबीआइ ने एफआइआर दर्ज की वहीं एक अन्य मामले में सोनिया गांधी, भाजपा महासचिव राम माधव और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह सुरेश (भैयाजी) जोशी के नाम पर ठगी करने वाले दो लोगों को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।
मोदी के नाम पर लोगों को ठगने वाले अतुल कुमार और जगमोहन सिंह के खिलाफ सीबीआइ ने एफआइआर दर्ज कर ली है। सीबीआइ के अनुसार ये दोनों 'नरेंद्र मोदी कंप्यूटर साक्षरता मिशन' नाम से वेबसाइट बनाकर उसकी फ्रेंचाइजी बेचते थे। वेबसाइट में इन दोनों ने कई झूठे दावे कर रखे थे। प्रधानमंत्री कार्यालय की शिकायत पर सीबीआइ ने एफआइआर दर्ज कर ली।
सोनिया गांधी, राम माधव और भैयाजी जोशी के नाम पर करते थे ठगी
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव,राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह सुरेश (भैयाजी) जोशी व कई अन्य बड़े नेताओं के नाम से मंत्रियों, अधिकारियों व उद्योगपतियों को ठगने वाले दो शातिर बदमाशों को दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें- कोल ब्लॉक आवंटन घोटाले में छह के खिलाफ आरोप तय
झारखंड के राजस्व, पंजीकरण एवं भूमि मंत्री अमर कुमार बउरी से ठगी के लिए की गई ऐसी ही कॉल की शिकायत पर क्राइम ब्रांच ने पड़ताल की तो उत्तर प्रदेश के फैजाबाद निवासी संजय तिवारी (34) व दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 निवासी गौरव शर्मा पुलिस के हत्थे चढ़ गए। संजय ने पूछताछ में बताया कि वह केंद्रीय गृह राज्यमंत्री किरण रिजिजू व बसपा प्रमुख मायावती का स्टिंग कर चुका है।
दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त (अपराध शाखा) रविंद्र यादव ने बताया कि 24 जनवरी को झारखंड के राजस्व, पंजीकरण एवं भूमि मंत्री अमर कुमार बउरी के निजी सचिव सुशांत कुमार मुखर्जी ने शिकायत दर्ज कराई थी। इसमें बताया था कि एक व्यक्ति ने खुद को भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव राम माधव बताकर मंत्री को फोन किया और पार्टी फंड के लिए रुपये मांगे। एक व्यक्ति को झारखंड भवन में मंत्री के पास रुपये लेने के लिए भी भेजा। शक होने पर जब राम माधव के कार्यालय से इस संबंध में पूछा गया तो वहां से ऐसी किसी भी कॉल से इंकार कर दिया गया। पुलिस ने दो अन्य युवकों को भी हिरासत में लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रही है।
यह भी पढ़ें- राहुल-अखिलेश साझा प्रेस कांफ्रेंस से करेंगे संयुक्त प्रचार का आगाज
इन दोनों ने कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी का निजी सचिव बताकर पंजाब में टिकट दिलाने के नाम पर एक पूर्व विधायक से भी ठगी की।
नागालैंड भाजपा अध्यक्ष व मणिपुर के पूर्व उपमुख्यमंत्री को भी ठगा
धोखाधड़ी व उगाही के 11 मामले में गिरफ्तार हाईप्रोफाइल ठग ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह सुरेश (भैयाजी) जोशी के नाम पर पूर्व उपमुख्यमंत्री अचोभा सिंह से 10 हजार की ठगी की तो भाजपा राष्ट्रीय महासचिव बनकर नागालैंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भिका सोले से 50 हजार वसूले। संजय व गौरव ने अब तक कितने लोगों से कितने रुपये ठगे, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है। पुलिस की मानें तो संजय का अपराधिक रिकॉर्ड 12 साल का है।
संजय तिवारी 1999 में फैजाबाद से दिल्ली आया था। यहां उसने शुरुआती दिनों में अखबार व न्यूज चैनल में कमा किया। संजय के अनुसार उसने पत्रकार तरुण तेज पाल के साथ मिलकर कई स्टिंग ऑपरेशन भी किए।
यह भी पढ़ें- 'जलीकट्टू प्रदर्शन के दौरान हुई थी तमिलनाडु को अलग देश बनाने की मांग'