सिद्दरमैया के खिलाफ टिप्पणी को लेकर केंद्रीय राज्य मंत्री पर केस
मैसूर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बीजे विजय कुमार ने मामला दर्ज करने की मांग को लेकर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था।
बेंगलुरु, प्रेट्र। बेलगावी के किट्टूर में कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के खिलाफ टिप्पणी करने पर केंद्रीय राज्य मंत्री अनंत कुमार हेगड़े पर मामला दर्ज किया गया है। मैसूर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर हेगड़े के खिलाफ केस दर्ज किया है। मैसूर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बीजे विजय कुमार ने मामला दर्ज करने की मांग को लेकर कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी है।
मैसूर के पुलिस आयुक्त ए सुब्रमण्येश्वरा राव ने बताया, शिकायतकर्ता ने हेगड़े पर मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। शिकायत के अनुसार, केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री अनंत कुमार हेगड़े ने हाल ही में बेलगावी में भाजपा की 'परिवर्तन यात्रा' के दौरान मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग किया। पुलिस आयुक्त ने कहा कि प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट के निर्देश के बाद हेगड़े के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
फायरब्रांड राजनीतिज्ञ के तौर पर जाने जाने वाले अनंतकुमार हेगड़े उत्तर कन्नड़ से पांच बार लोकसभा के सदस्य रह चुके हैं। अपनी विवादास्पद टिप्पणियों को लेकर वह अक्सर परेशानी में पड़ते रहे हैं।
यह भी पढ़ें: केंद्रीय मंत्री के बिगड़े बोल, कहा- वह दिन दूर नहीं जब सिद्धारमैया मनाने लगें कसाब की जयंती