आज बदला जाएगा राजद सुप्रीमो लालू यादव के हृदय का वॉल्व
राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के हृदय का वॉल्व बदलने के लिए बुधवार को उन्हें बड़े ऑपरेशन से गुजरना पड़ेगा। उनका ऑपरेशन मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में होगा।
मुंबई [राज्य ब्यूरो]। राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के हृदय का वॉल्व बदलने के लिए बुधवार को उन्हें बड़े ऑपरेशन से गुजरना पड़ेगा। उनका ऑपरेशन मुंबई के एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में होगा।
लालू यादव रविवार देर रात एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट में भर्ती हुए थे। जांच की सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मंगलवार को इंस्टीट्यूट के डॉक्टरों ने उनके एऑर्टिक वॉल्व रिप्लेसमेंट (एवीआर) का फैसला किया है। सामान्य भाषा में इसे हृदय व महाधमनी को जोड़ने वाले वॉल्व बदलने की प्रक्रिया कहा जाता है। मुंबई के वरिष्ठ डॉक्टर आशीष तिवारी के अनुसार, यह वॉल्व खराब होने पर व्यक्ति के हृदय से पूरे शरीर को रक्त भेजते समय यह पुन: शरीर में वापस आने लगता है। इसके कारण पहले व्यक्ति को चक्कर आना, थकान महसूस होना, कमजोरी व सांस फूलने जैसी समस्या होती है।
समय पर इलाज न हो तो ये बीमारी जानलेवा भी हो सकती है। हार्ट इंस्टीट्यूट में लालू प्रसाद यादव की जांच करने वाले डॉ. विजय डी सिल्वा ने बताया कि पूरी जांच के बाद ही लालू प्रसाद का एऑर्टिक वॉल्व रिप्लेसमेंट व एऑर्टिक रिपेयर का ऑपरेशन होगा। उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह शुरू होने वाला ऑपरेशन पांच घंटे तक चलेगा।
अस्पताल में लालू के परिवार के साथ मौजूद राजद के महासचिव अशोक सिंह के अनुसार लालू यादव का मनोबल बहुत ऊंचा है और हम सबको एशियन हार्ट इंस्टीट्यूट पर पूरा भरोसा है। इससे पहले पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का ऑपरेशन कर चुके इंस्टीट्यूट के अध्यक्ष डॉ. रमाकांत पांडा ही लालू यादव का भी ऑपरेशन करेंगे।