राजस्थान: राजे मंत्रिमण्डल का विस्तार आज
राजस्थान में भाजपा सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमण्डल विस्तार सोमवार दोपहर बाद तीन बजे होगा। नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के लिए राजभवन में तैयारियां
नईदुनिया ब्यूरो, जयपुर। राजस्थान में भाजपा सरकार का बहुप्रतीक्षित मंत्रिमण्डल विस्तार सोमवार दोपहर बाद तीन बजे होगा। नए मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के लिए राजभवन में तैयारियां कर ली गई हैं। राज्यपाल कल्याण सिंह नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। इस विस्तार में 12 से 14 नए मंत्रियों को शपथ दिलाए जाने की संभावना है।
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के लिए मंत्रिमण्डल का विस्तार जरूरी हो गया था, क्योंकि अगले दो-तीन दिन में राजस्थान में निकाय चुनाव की आचार संहिता लागू हो जाएगी जो नवम्बर अंत तक रहेगी और इसी बीच विधायक पद से इस्तीफा देने के बावजूद मंत्री पद सम्भाल रहे सांवरलाल जाट के छह माह की अवधि समाप्त हो जाएगी। राजे मंत्रिमण्डल में राजे सहित अभी 12 मंत्री हैं और जाट के इस्तीफे के साथ ही सरकार संवैधानिक संकट में फंस सकती थी।
राजे के लिए नए मंत्रियों का चुनाव काफी चुनौती भरा काम रहा है, क्योंकि विधानसभा में भाजपा के 160 विधायक हैं और जातिगत तथा क्षेत्रवार संतुलन बनाए रखना राजे के लिए काफी मुश्किल भरा काम हो गया।
सूत्रों का कहना है कि नए मंत्रियों के नामों पर राजे ने दिवाली के अवकाश के दिनों में आलाकमान से सहमति ले ली थी। रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में भी इस बारे में उनकी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह से चर्चा हुई और इसके बाद देर शाम शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को कराने का निर्णय किया गया। मंत्रियों के नामों को ले कर हालांकि सस्पेंस बना हुआ है और सबकी नजर इस बात पर है कि घनश्याम तिवाड़ी, नरपत सिंह राजवी और राव राजेन्द्र सिंह जैसे राजे से दूरी रखने वाले वरिष्ठ विधायकों को विस्तार में जगह मिलती है या नहीं। हालांकि इनके नाम संभावितों की सूची में चल रहे हैं।
ये हैं संभावित नाम
घनश्याम तिवाड़ी, नरपत सिंह राजवी, राजपाल सिंह शेखावत, कमसा मेघवाल, किरण माहेश्वरी, पुष्पेन्द्र सिंह, वासुदेव देवनानी, राजकुमार रिणवा, सुरेन्द्र गोयल, सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी, प्रहलाद गुंजल, कालूलाल गुर्जर, अर्जुनलाल गर्ग, डॉ. राम प्रताप, अमराराम।