गुजरातः यात्रियों से भरी बस नदी में गिरी, 25 की मौत, पीएम ने जताया दुख
गुजरात के नवसारी में सूपा गांव के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां अंबिका नदी पर बने पुल से राज्य परिवहन निगम की एक बस नदी में गिर गई। हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए।
अहमदाबाद। गुजरात के नवसारी में सूपा गांव के पास शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां अंबिका नदी पर बने पुल से राज्य परिवहन निगम की एक बस नदी में गिर गई। हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि 30 लोग घायल हो गए। बस में कुल 60 लोग सवार थे। यात्रियों से भरी बस उकाई से नवसारी जा रही थी।
इस हादसे की सूचना के बाद मौके पर बचाव दल पहुंच गया है। फिलहाल राहत और बचाव का कार्य जारी है। वहीं घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विजय रुपानी ने बताया कि अब तक 25 शवों को बरामद किया जा चुका है। उन्होंने मृतकों की संख्या में बढोतरी का अंदेशा भी जताया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय राज्य के अस्पतालों के साथ लगातार संपर्क में है।
वहीं गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदी बेन पटेल ने नवसारी में हुए बस हादसे में मृतकों के परिजनों को मुआवजे के तौर पर 4 लाख रुपए देने का ऐलान किया है।
पीएम ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बस दुर्घटना के बाद ट्वीट कर दुख जताया। उन्होंने कहा कि घटना काफी दुखद है। इससे मुझे गहरा धक्का लगा है। उन्होंने मृतक के परिजनों प्रति संवेदना व्यक्त की तथा घायलों को जल्द स्वस्थ होने की कामना की।