दो दूल्हों के बाद भी नहीं हुए सात फेरे
कंपिल क्षेत्र के गांव चांदपुर कक्ष के कुंवरपाल शाक्य की पुत्री रीता की बरात हरियाणा के पानीपत जिले के गांव अहमदपुर से आई थी। घुड़चड़ी और द्वारचार के बाद फेरों की रस्म हुई। सुबह चढ़ावे के सामान पर बात बिगड़ गई। लड़की की मां और रिश्तेदारों ने हंगामा कर विदा
जागरण संवाददाता, फर्रुखाबाद। कंपिल क्षेत्र के गांव चांदपुर कक्ष के कुंवरपाल शाक्य की पुत्री रीता की बरात हरियाणा के पानीपत जिले के गांव अहमदपुर से आई थी। घुड़चड़ी और द्वारचार के बाद फेरों की रस्म हुई। सुबह चढ़ावे के सामान पर बात बिगड़ गई। लड़की की मां और रिश्तेदारों ने हंगामा कर विदा करने से मना कर दिया। दिन भर पंचायत हुई, लड़की की मां ने कह दिया कि सारे बराती एक-एक हजार रुपये उनकी लड़की के खाते से जमा करें, तब विदाई होगी, जिस पर बराती खिसकने लगे। बात न बनने पर शाम को सभी बराती वापस चले गए।
लड़की के बहनोई दिनेश ने रीता की दूसरे लड़के से शादी के लिए अपने गांव हतौड़ा खेड़ा से चचेरे भाई अमित को बुला लिया। सोमवार को उसी मंडप में रीता की अमित से शादी की तैयारी चल रही थी। भनक लग जाने पर मझिया नेत्रपाल व उनके रिश्तेदारों ने हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस पहुंची। लड़की की मां सुमन ने पुलिस को बताया कि शादी में नेत्रपाल मझिया थे। उसकी गांव में ससुराल है। दूल्हा पक्ष के लोग चढ़ावे में सस्ती साडिय़ां व नकली जेवर लाये थे। मझिया ने ही बात बिगाड़ी, अब वह फिर अड़ंगा डाल रहे हैं।
पुलिस लड़की के भाई रंजीत, मनदीप, बहनोई दिनेश, चाचा लटूरी व अमित को थाने ले आयी। इसके बाद पुलिस ने लड़की को थाने बुलाकर पूछा तो उसने दोनों ही लड़कों से शादी से इनकार कर दिया। पुलिस ने बताया कि विवाद की सूचना पर पुलिस गयी थी व पांच लोगों को थाने लाई है। मामले की जांच की जा रही है।
संबंधित अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें