विनोद खन्ना नहीं रहे, बॉलीवुड से राजनीतिक गलियारों तक शोक की लहर
हमें विनोद खन्ना लार्जर देन लाइफ परफॉर्मेंस और अपने अच्छे व्यवहार के कारण याद रखेंगे। ऐसे बहुत कम लोग होते हैं। उनके चेहरे पर एक गजब की चमक थी, जो ऑफ स्क्रीन भी नजर आती थी।
नई दिल्ली, जेएनएन। बॉलीवुड एक्टर विनोद खन्ना अब हमारे बीच नहीं रहे। सत्तर साल की उम्र में विनोद खन्ना ने मुंबई के अस्पताल में अंतिम सांस ली। वह पिछले काफी समय से बीमार थे। पिछले दिनों उनकी एक तस्वीर भी सामने आई, जिसमें वह काफी कमजोर नजर आ रहे थे। विनोद खन्ना सिनेमा के साथ-साथ राजनीति में भी दखल रखते थे। वह पंजाब के गुरदासपुर से सांसद थे। बॉलीवुड से लेकर राजनीतिक गलियारे तक में विनोद खन्ना के निधन पर शोक की लहर छा गई है। सभी उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं।
फिल्म अभिनेता अनुपम खेर ने ट्वीट कर कहा, 'हमें विनोद खन्ना लार्जर देन लाइफ परफॉर्मेंस और अपने अच्छे व्यवहार के कारण याद रखेंगे। ऐसे बहुत कम लोग होते हैं। उनके चेहरे पर एक गजब की चमक थी, जो ऑफ स्क्रीन भी नजर आती थी। वे अच्छे एक्टर के साथ-साथ बेहतरीन इंसान भी थे। सर, हमें आप बहुत याद आएंगे।'
लता मंगेशकर ने ट्वीट कर कहा, 'अपनी शैली के बेहतरीन कलाकार विनोद खन्नाजी आज हमारे बीच नहीं रहे। मुझे इस बात का बहुत दुख है। उनके जाने से फिल्म इंडस्ट्री की बहुत हानि हुई हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।'
कवि कुमार विश्वास ने कहा कि विनोद खन्ना जी आप हिंदी सिनेमा के हैंडसम और डेसिंग एक्टर के रूप में हमेशा याद किए जाएंगे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।
भाजपा नेता संबित पात्रा को विनोद खन्ना के निधन का समाचार सुन काफी धक्का लगा। उन्होंने ट्वीट कर कहा, 'बॉलीवुड के वरिष्ठ एक्टर और भाजपा के सांसद विनोद खन्ना के निधन की खबर सुनकर मुझे काफी दुख हुआ। विनोद खन्ना जैसी पर्सनालिटी बॉलीवुड में कम ही हैं।'
वहीं स्मृति ईरानी ने कहा कि विनोद खन्नाजी के दुखद निधन के बारे में सुना। वह दयालु, विचारशील और बेहतरीन शख्स थे। मैंने उनके साथ एक सीरीज में काम किया, जिसका मुझे गर्व है। विनोद खन्नाजी के प्रियजनों के साथ मेरी संवेदना है। ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि उनकी आत्मा को शांति पहुंचे। विनोदजी आप बहुत याद आएंगे।
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने विनोद खन्ना के निधन पर ट्वीट कर कहा, 'वरिष्ठ कलाकार और भाजपा सांसद श्री विनोद खन्नाजी के निधन की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत।'
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने ट्वीट कर कहा, 'विनोद खन्नाजी के रूप में हमने सिर्फ एक बेहतरीन कलाकार ही नहीं खोया है, बल्कि एक राजनेता भी खो दिया है। यह भारतीय सिनेमा और भाजपा के लिए ऐसी हानि है, जिसे पूरा नहीं किया जा सकता। विनोद खन्नाजी के निधन पर में मैं उनके परिवार और लाखों फैन्स के प्रति दिल से संवेदना प्रकट करता हूं।'
भाजपा नेता वेंकैया नायडू ने कहा, 'पिछले दिनों विनोद खन्नाजी के बीमार होने की खबर मिली थी, तब हम आशा कर रहे थे कि वह स्वस्थ होकर फिल्म हमें ज्वॉइन करेंगे, लेकिन ऐसा हो ना सका। फिल्म इंडस्ट्री ने एक बेहतरीन एक्टर और पार्टी ने एक अच्छा सांसद खो दिया।'
बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार ने भी विनोद खन्ना के निधन पर दुख प्रकट किया। उन्होंने ट्वीट किया, 'विनोद खन्ना सर के निधन की खबर सुनकर बेहद दुख हुआ। वह हिंदी सिनेमा के करिश्माई अभिनेताओं में से एक थे। उनके जाने से एक युग का अंत हो गया है। विनोद खन्ना जी के परिवार के लिए दिल से संवेदना प्रकट करता हूं।'
धर्मेंद्र ने एक न्यूज चैनल से बातचीत में कहा, 'एक फिल्म के सीन में मुझे विनोद खन्ना पर हमला करना था और उनके शरीर पर चोट का निशान बन गया था, लेकिन उन्होंने किसी भी तरह की नाराज़गी जाहिर नहीं की। वह एक बेहतरीन एक्टर ही नहीं, अच्छे इंसान भी थे।'
इसे भी पढ़ों: चला गया बॉलीवुड का मोस्ट हैंडसम स्टार , सुबह 11. 20 बजे ली आख़िरी सांस