महाराष्ट्र नाव हादसा: लापता स्कूली बच्चों के लिए जारी है तलाशी अभियान
बच्चों को बचाने के लिए तट रक्षकों के जहाजों के अलावा मुंबई से भी कुछ नावें भेजी गई हैं। दमन से हेलीकॉप्टर और डोर्नियर विमान को भी बचाव टीम में शामिल कर लिया गया है।
मुंबई, पीटीआई। महाराष्ट्र में हुए नाव हादसे में आज भी तलाशी अभियान जारी है। शनिवार को दाहानू में समुद्र तट से 2 नॉटिकल मील की दूरी पर एक नाव पलट गई थी, जिसमें स्कूली बच्चे सवार थे। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 32 बच्चों को बचा लिया गया। हालांकि अभी भी कई बच्चे लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है। नाव में सवार बच्चों की कुल संख्या को लेकर भी पुष्टि नहीं हो पाई है। वे पिकनिक मनाने आए थे।
हादसे के बाद तट रक्षकों ने मुंबई से आने वाले जहाजों का रास्ता बदल दिया। वहीं राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। बच्चों को बचाने के लिए तट रक्षकों के जहाजों के अलावा मुंबई से भी कुछ नावें भेजी गई हैं। इसके साथ ही दमन से हेलीकॉप्टर और डोर्नियर विमान को भी बचाव टीम में शामिल कर लिया गया है।
कोस्ट गार्ड के प्रवक्ता ने कहा कि स्कूली बच्चों की कुल संख्या की पुष्टि नहीं हो पाई है। आज भी राहत एवं बचाव कार्य शुरू हो गया है। दहानू खाड़ी के आस-पास समुद्र में तलाशी अभियान चल रहा है। इससे पहले पुलिस ने बताया था कि निजी नाव में करीब 40 बच्चे सवार थे।
शनिवार शाम पालघर पुलिस द्वारा तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें नाव का मालिक भी शामिल था। पुलिस ने बताया था कि 32 बच्चों को बचा लिया गया है और अन्य के लिए तट रक्षक कर्मियों व स्थानीय मछुआरों की मदद से तलाशी अभियान चल रहा है। मरने वालों में तीन लड़कियां शामिल हैं। सभी की उम्र 17 साल थी।
यह भी पढ़ें: टॉप न्यूज : 10 बड़ी खबरें, आज जिन पर बनी रहेगी नज़र