भाजपा सांसद को कालाधन वापस आने की उम्मीद नहीं
नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। चुनावी अभियान में काले धन की वापसी को मुद्दा बनाने वाली भाजपा के सांसद ने ही गुरुवार को पार्टी के लिए अजीबोगरीब स्थिति पैदा कर दी। झारखंड के गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने वित्तमंत्री अरुण जेटली की मौजूदगी में लोकसभा में ही कह दिया कि मेरी जिंदगी में तो सरकार स्विट्जरलैंड से कालाधन वापस नहीं ला सकती।

निशिकांत ने वित्त विधेयक पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा, 'हमारे जीवनकाल में स्विट्जरलैंड से काले धन की वापसी संभव नहीं है।' सत्ता पक्ष से पहले वक्ता के तौर पर भाग ले रहे दुबे के इस वक्तव्य से सदन में मौजूद सत्तापक्ष के अधिकांश सदस्य स्तब्ध रह गए। भाजपा के पूरे चुनावी अभियान में काले धन की वापसी एक अहम मुद्दा रही है। केंद्र में सरकार बनने के बाद पहले कदम के तौर पर सरकार ने इस दिशा में एसआइटी का गठन भी किया है। ऐसे में निशिकांत दुबे का यह बयान सरकार को ही कठघरे में खड़ा करता है।
हालांकि, बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसा इसलिए नहीं हो सकता क्योंकि स्विट्जरलैंड में जमा इस धन को विभिन्न ट्रस्टों में रखा गया है और उनके ट्रस्टी वहीं के नागरिक हैं। जबकि हम स्विट्जरलैंड से भारतीय नागरिकों के काले धन की जानकारी मांग रहे हैं। जब तक हम उन ट्रस्टियों के संबंध में जानकारी नहीं मांगेंगे सरकार को सही सूचना नहीं मिलेगी।