टिकटों में गड़बड़ी की वजह भाजपा का उप्र नेतृत्व
लोकसभा चुनाव में टिकट वितरण को लेकर भले ही उत्तर प्रदेश में जगह-जगह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के पुतले फूंके गए हों लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने इसका ठीकरा पार्टी के राज्य नेतृत्व पर फोड़ा है। उन्होंने इसमें नरेंद्र मोदी या राजनाथ सिंह की भूमिका होने से इन्कार किया है। दैनिक जागरण स
लखनऊ [जागरण ब्यूरो]। लोकसभा चुनाव में टिकट वितरण को लेकर भले ही उत्तर प्रदेश में जगह-जगह भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के पुतले फूंके गए हों लेकिन पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने इसका ठीकरा पार्टी के राज्य नेतृत्व पर फोड़ा है। उन्होंने इसमें नरेंद्र मोदी या राजनाथ सिंह की भूमिका होने से इन्कार किया है।
दैनिक जागरण से बातचीत में सुधांशु ने माना कि उप्र में टिकट वितरण में गड़बड़ी हुई। पार्टी जहां सूबे में कायस्थ को एक भी टिकट नहीं दे पायी, वहीं भाजपा के पारंपरिक वोटर वैश्य समुदाय को सिर्फ तीन टिकट दिए गए। टिकट बांटने में हुई यह गड़बड़ी भाजपा के राज्य नेतृत्व की अपरिपक्वता और अदूरदर्शिता का नतीजा थी। भाजपा के प्रदेश प्रभारी अमित शाह को भी गड़बड़ी का देर से भान हो सका। इस बार माहौल जिस कदर नरेंद्र मोदी के पक्ष में है, उससे विरोधियों के लिए जातिगत भावनाएं भड़का कर भाजपा के खिलाफ वोटिंग करा पाना आसान नहीं होगा।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुए पहले चरण के चुनाव में भाजपा को आशातीत सफलता मिलने को लेकर आश्वस्त सुधांशु का मानना है कि रूहेलखंड और ब्रज में भी पार्टी का प्रदर्शन अच्छा होगा। पूर्वांचल में भी उसका ग्राफ ऊपर जाएगा। अलबत्ता अवध क्षेत्र (मध्य उप्र) में भाजपा के सामने दुश्वारियां आएंगी।