मालेगांव महानगरपालिका में नौ सीटों पर विजयी हुई भाजपा
महाराष्ट्र की तीन महानगरपालिकाओं का परिणाम मिश्रित रहा..
राज्य ब्यूरो, मुंबई। महाराष्ट्र की मालेगांव महानगरपालिका चुनाव में भाजपा को इसबार आश्चर्यजनक सफलता मिली है। नासिक जिले में 65 फीसद मुस्लिम आबादी वाले इस शहर में भाजपा ने 58 उम्मीदवार उतारे थे। इनमें से नौ प्रत्याशी विजयी हुए हैं। 2012 के चुनाव में पार्टी को यहां एक भी सीट नहीं मिली थी। सहयोगी शिवसेना ने भी इसबार यहां 13 सीटों पर कब्जा किया है।
24 मई को राज्य की तीन महानगरपालिकाओं में कराए गए चुनावों का परिणाम मिश्रित रहा। पनवेल में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है तो भिवंडी में कांग्रेस और मालेगांव में राष्ट्रवादी कांग्रेस-जनता दल गठबंधन एवं कांग्रेस का परचम लहराया है।
78 सदस्यों वाली पनवेल महानगरपालिका में भाजपा 51 सीटें जीत पहले स्थान पर और शेतकरी कामगार पक्ष 23 सीटें जीतकर दूसरे स्थान पर आई है। कांग्रेस और राकांपा को दो-दो सीटें मिली हैं। शिवसेना के गढ़ कोकण से सटे होने के बावजूद उसे एक भी सीट नहीं मिली।
मालेगांव में असदुद्दीन ओवैसी की एमआईएम के सात उम्मीदवार जीते हैं। यहां कांग्रेस को 28 एवं राष्ट्रवादी-जनता दल गठबंधन को 26 सीटें मिली हैं।
90 सीटोंवाली मुस्लिम बहुल भिवंडी महानगरपालिका में 47 सीटों के साथ कांग्रेस पहले स्थान पर रही। यहां भाजपा को 19 और शिवसेना को 12 सीटें मिली हैं। तीनों महानगरपालिका चुनाव में खास बात यह रही कि राज्य सरकार में अपनी वरिष्ठ सहयोगी भाजपा से हर मुद्दे पर टकराव मोल ले रही शिवसेना फिसड्डी ही साबित हुई है।