पंजाब में अकेले चुनाव लड़ सकती है भाजपा
पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के साथ सरकार चला रही भाजपा अब यहां पर भी अकेले चलने की राह देखने लगी है। इस बात के संकेत बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पंजाब के प्रभारी रामशंकर कठेरिया ने दिए। उन्होंने कहा, अगर पंजाब में भी हरियाणा जैसे हालात बने
पंजाब मेंं अकेले चुनाव लड़ सकती है भाजपा
चंडीगढ़, जागरण ब्यूरो। पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के साथ सरकार चला रही भाजपा अब यहां पर भी अकेले चलने की राह देखने लगी है। इस बात के संकेत बुधवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व पंजाब के प्रभारी रामशंकर कठेरिया ने दिए। उन्होंने कहा, अगर पंजाब में भी हरियाणा जैसे हालात बने तो यहां पर उनकी पार्टी सभी सीटों पर चुनाव लड़ सकती है। जाहिर है सभी सीटों पर चुनाव लडऩे का मतलब बिना किसी के समझौते के चुनावी समर में जाना होगा जैसा कि हरियाणा और महाराष्ट्र में हुआ है।
पत्रकार सम्मेलन में कठेरिया ने कहा कि भाजपा पंजाब में गठबंधन धर्म निभा रही है और आगे भी निभाती रहेगी। गठबंधन आगे भी रहेगा। लेकिन हमेशा रहेगा यह नहीं कहा जा सकता। भाजपा मंत्रियों के विभागों में दखल के मुद्दे पर पार्टी अकाली दल के साथ बात करेगी। अगर वह नहीं मानते तो बातचीत का दौर एक सीमा तक ही चलेगा।
हरियाणा की तर्ज पर क्या पंजाब में भी भाजपा अकेले चुनाव लड़ सकती है, इस सवाल पर प्रदेश प्रभारी ने स्पष्ट कहा कि यदि हरियाणा जैसे हालात बने तो पंजाब में भी सभी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। गठबंधन के 2017 तक चलने बारे में कठेरिया का जवाब था कि 2017 आने में तो अभी लंबा समय है। पार्टी सभी विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर तक अच्छे व प्रभावी लोगों को सदस्यता अभियान के जरिये जोड़ेगी। पार्टी नेताओं से कहा गया है कि अपना आधार मजबूत कर वे 2017 विधानसभा चुनाव की तैयारी भी करें। भाजपा प्रभारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव के समय कहा था कि कांग्रेस मुक्त देश हो मगर अब लोग चाहते हैं कि भाजपा युक्त देश हो।
कठेरिया ने कहा कि पूरे देश में भाजपा के प्रति लोगों में विश्वास बढ़ा है। पार्टी पंजाब में गठबंधन सरकार में है, यदि पंजाब इकाई सरकार से संतुष्ट नहीं है तो मिल बैठकर कमी दूर की जाएगी। यदि सरकार में भाजपा के एजेंडे पर काम नहीं होते तो पार्टी नेतृत्व व कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वह डटकर खड़े हों। कठेरिया ने पंजाब में कभी-कभी उठती उप मुख्यमंत्री पद की मांग को सिरे से नकारते हुए कहा कि भाजपा यहां पर कभी उपमुख्यमंत्री का पद नहीं लेगी।
लोगों के कहने से खत्म नहीं होगा रिश्ता: बादल
बठिंडा। भाजपा के पंजाब प्रभारी रामशंकर कठेरिया द्वारा 2017 के विधानसभा चुनाव में अकेले चुनाव लडऩे के संकेत पर मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा कि लोगों के कहने से अकाली दल का भाजपा के साथ रिश्ता खत्म नहीं होगा। बादल ने कहा कि अकाली-भाजपा गठबंधन अटूट है और दिल्ली विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे। अकाली दल ने भाजपा को राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर पर बिना शर्त सहयोग दिया है जो कि आगे भी बरकरार रहेगा। उन्होंने यह भी साफ किया कि दिल्ली में शिअद पुराने पैटर्न के मुताबिक चार सीटों पर ही चुनाव लड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अकाली दल का मुख्य लक्ष्य देश से कांग्रेस का खात्मा करना है।