अटल, आडवाणी, जोशी हमारे मार्गदर्शक : चौहान
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा के संस्थापकों अटल बिहारी वाजपेयी, एलके आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को संसदीय बोर्ड से बाहर कर उन्हें दरकिनार किए जाने की खबरों को खारिज
बंगलूर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भाजपा के संस्थापकों अटल बिहारी वाजपेयी, एलके आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी को संसदीय बोर्ड से बाहर कर दरकिनार किए जाने की खबरों को खारिज किया है। उनका कहना है कि वे पार्टी के लिए 'मार्गदर्शक और दार्शनिक' हैं।
चौहान मध्यप्रदेश में अक्टूबर में आयोजित होने वाले ग्लोबल इन्वेस्टर मीट के लिए निवेशकों को आकर्षित करने यहां आए हैं। एक दिन पहले ही आडवाणी, अटल और जोशी को भाजपा के संसदीय बोर्ड से अलग कर दिया गया। हालांकि शिष्टाचार के नाते उनके नामों को पांच सदस्यीय 'मार्गदर्शक मंडल' में शामिल किया गया है। चौहान ने कहा, 'पार्टी बनाने में पूरी जिंदगी लगा देने वाले ये दिग्गज हमारे मार्गदर्शक और दार्शनिक बने रहेंगे। भविष्य में भी सरकार और संगठन को उनके सुझाव की दरकार रहेगी।' मंत्रिमंडल में भ्रष्ट मंत्रियों के बारे में सुप्रीम कोर्ट के सुझाव पर चौहान ने कहा कि इस मसले पर हमारा रुख शुरू से स्पष्ट है। आपराधिक और भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहे लोगों का मंत्रिमंडल में रहना ठीक नहीं है।
पढ़ें: संसदीय बोर्ड से शाह का संकेत, भाजपा में खत्म होगी प्रभाव की राजनीति
पढ़ें: भाजपा में पीढ़ी परिवर्तन, आडवाणी-जोशी संसदीय बोर्ड से बाहर