जनता तक सरकार की उपलब्धियां पहुंचाने में जुटी भाजपा, चलाया महासंपर्क अभियान
आम जनता तक एक साल की उपलब्धियां पहुंचाने के प्रयास में मोदी सरकार के साथ-साथ भाजपा भी जुट गई है। इसके तहत जहां प्रधानमंत्री ने मथुरा की रैली के बाद आम जनता के नाम खुला पत्र लिखा है, वहीं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई।
नई दिल्ली (जागरण ब्यूरो)। आम जनता तक एक साल की उपलब्धियां पहुंचाने के प्रयास में मोदी सरकार के साथ-साथ भाजपा भी जुट गई है। इसके तहत जहां प्रधानमंत्री ने मथुरा की रैली के बाद आम जनता के नाम खुला पत्र लिखा है, वहीं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाई। 26 मई से एक जून तक एक सप्ताह में भाजपा पूरे देश में 4413 सभाएं आयोजित करने जा रहीं है, जिनमें वरिष्ठ नेताओं की 250 बड़ी रैलियां भी शामिल हैैं।
मोदी सरकार के एक साल पूरे होने पर महाजनसंपर्क अभियान के तहत भाजपा ने मोदी सरकार की उपलब्धियों से भरा चार पेज का एक बुकलेट भी तैयार किया। इस बुकलेट को 12 भाषाओं और छह बोलियों में छापा गया है। अमित शाह ने कहा कि जून से अगस्त तक तीन महीने में भाजपा कार्यकर्ता इस बुकलेट को लेकर आठ करोड़ घरों तक सीधा संपर्क करेंगे। शाह ने कहा कि जिन लोगों ने एक साल पहले मोदी सरकार को पूर्ण बहुमत दिया है, उन तक सरकार के एक साल के कामकाज का हिसाब-किताब पहुंचाने का यह विनम्र प्रयास है।
सुबह दिल्ली में प्रेस कांफ्रेस करने के बाद अमित शाह हरियाणा के करनाल में एक रैली को संबोधित करने रवाना हो गए। वहीं शाम पांच बजे प्रधानमंत्री भाजपा मुख्यालय में काम करने वालों से मुलाकात करेंगे।
केजरीवाल से टकराव नहीं
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार और केंद्र के बीच टकराव से इनकार किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत संघीय ढांचे के तहत टीम इंडिया की अवधारणा का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार के साथ सिर्फ संविधान की व्याख्या को लेकर मतभेद है। उन्होंने उम्मीद जताई कि एक बार अदालत में जाने के बाद यह मामला आसानी से सुलझ जाएगा।
ये भी पढ़ेंः शाह ने गिनाई मोदी सरकार की ये 11 प्रमुख उपलब्धियां
ये भी पढ़ेंः 1 साल पर पीएम ने जनता को लिखी खुली चिट्ठी, जानिए क्या कहा