भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भुवनेश्वर के लिंगराज मंदिर का दौरा किया
तीन दिवसीय ओडिशा दौरे पर पहुंचे शाह अपने प्रवास के दौरान राज्य के नेताओं व कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को 120 सीट दिलाने का गुरुमंत्र देंगे।
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। ओडिशा विधानसभा चुनाव में 120 प्लस टॉरगेट लेकर बुधवार को भुवनेश्वर पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का हवाईअड्डे पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष बसंत पंडा, विधायक दल के नेता कनक वर्द्धन सिंहदेव, राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने स्वागत किया।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह गुरुवार को सुबह भुवनेश्वर स्थित प्रसिद्ध लिंगराज मंदिर का दौरा किया। तीन दिवसीय ओडिशा दौरे पर पहुंचे शाह अपने प्रवास के दौरान राज्य के नेताओं व कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को 120 सीट दिलाने का गुरुमंत्र देंगे। भाजपा अध्यक्ष को एक विशाल रैली में एयरपोर्ट से राज्य अतिथि भवन ले जाया गया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडे़कर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने जो हमारा मिशन ओडिशा में तय किया है वह जरूर पूरा होगा।
शाह के तीन दिन के प्रवास से राज्य कैडर को नई ऊर्जा मिलेगी। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि अमित शाह के दौरे से संगठन और मजबूत होगा और हम अपने 120 प्लस मिशन को निश्चित रूप से पूरा करेंगे। हालांकि ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने कहा है कि भाजपा का 120 प्लस मिशन की डगर काफी कठिन है। इसका जवाब केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने दिया। प्रधान ने कहा कि मुख्यमंत्री के संदेह का हम स्वागत करते हैं, वह हमारे प्रतिद्वंद्वी हैं और उनसे हम इससे ज्यादा उम्मीद भी नहीं कर सकते हैं। पार्टी को अमित शाह की रणनीति एवं अपने कार्यकर्ताओं पर पूरा भरोसा है।
इससे पहले भाजपा ने जो भी टारगेट रखा है, उसे पूरा किया है। पार्टी के संगठन को मजबूत किया जा रहा है और हम निश्चित रूप से 120 प्लस मिशन को पूरा करने में सफल होंगे। हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष खुद इस मिशन में लगे हैं, ऐसे में मिशन को पूरा होने में किसी प्रकार का संदेह किसी को नहीं होना चाहिए। इनसेट मोदी सरकार ने तीन वर्षो में किए 50 ऐतिहासिक काम भुवनेश्वर में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम के तहत आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में विकास के स्केल को ऊपर उठाने का काम किया है।
कई सरकारें 50 वर्षो में एक-दो ऐतिहासिक काम करती हैं, मोदी सरकार ने तीन वर्षो में ऐसे 50 काम किए हैं जो ऐतिहासिक हैं। शाह ने प्रदेश भाजपा कार्यालय, भुवनेश्वर में ओडिशा भाजपा के पदाधिकारियों, कार्यकारी सदस्यों, सांसदों, विधायकों, प्रवक्ताओं, जिला अध्यक्षों एवं जिला प्रभारियों के साथ बैठक की। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक बहुदलीय लोकतांत्रिक संसदीय प्रणाली में किसी भी पार्टी का मूल्यांकन तीन मापदंडों के आधार पर किया जाना चाहिए - पार्टी का आंतरिक लोकतंत्र, पार्टी का सिद्धांत और सत्ता में आने पर सरकार की कार्यपद्धति। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि देश की जनता इन आधारभूत मापदंडों पर राजनीतिक पार्टियों का मूल्यांकन करे।
यह भी पढ़ेंः बिहार में सरकार गठन के बाद अब टीम अमित शाह में जगह बनाने में जुटे भाजपाई