देश को बांटते रहे हैं मोदी और उनकी पार्टीः राहुल गांधी
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज कर्नाटक में मोदी सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने नरेंद्र मोदी व उनकी पार्टी पर देश को बांटने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा कि मोदी व उनकी पार्टी शुरू से ही देश को बांटती रही है।
नई दिल्ली। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी आज कर्नाटक में मोदी सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने नरेंद्र मोदी व उनकी पार्टी पर देश को बांटने का आरोप लगाया। राहुल ने कहा कि मोदी व उनकी पार्टी शुरू से ही देश को बांटती रही है।
उदाहरण के तौर पर राहुल ने कहा कि चुनावों के दंगे और वोट खींचने की राजनीति तेज होती और इसमें भाजपा के लोग शामिल होते हैं। दादरी कांड का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इस मामले में भी भाजपा के लोग शामिल रहे हैं।
राहुल मोदी और उनकी पार्टी पर हमले करते रहे हैं। उन्होंन मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि वे दुनिया घूमते हैं लेकिन उनके पास किसानों से मिलने का वक्त नहीं है। एक सवाल का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस शासित राज्यों के किसानों के साथ भेदभाव करती है।
यूपीए सरकार थी, तब किसानों को एक नजर से देखा जाता था, चाहे वो बिहार का किसान हो या कर्नाटक का। बताते चलें कि राहुल दो दिन के कर्नाटक दौरे पर हैं। वे वहां के पीड़ित किसानों से मिलेंगे और उनका दर्द जानेंगे। कर्नाटक में हाल के दिनों में फसल तबाह होने की वजह से कई किसानों ने खुदकुशी कर ली है। राहुल गांधी ऐसे परिवारों से मिलेंगे।
राहुल के दौरे से पहले ही छिड़ चुका है विवाद
राहुल गांधी का यह दौरा शुरू होने से पहले ही विवादों में घिर गया है। राहुल की सभा के लिए एक किसान की फसल को समय से पहले कटवाने का मामला सामने आया है। हावेरी के गुदागुर गांव में राहुल की रैली के लिए एक किसान की 4 एकड़ में मक्के की फसल को समय से पहले कटवा दिया गया है, जिसे लेकर बीजेपी ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लिया है हालांकि किसान का कहना है कि उसने अपनी मर्जी से अपनी फसल कटवाई है।