दिल्ली की परेशानी दूर करने में जुटे भाजपा सांसद, उड़ी विपक्षियों की नींद
बिजली व पानी के मुद्दे पर विपक्षी पार्टियों के हमले झेल रही भाजपा ने दिल्ली की समस्याएं दूर कर लोगों से जुड़ने की मुहिम शुरू कर दी है। सांसदों ने सुनियोजित तरीके से सक्रियता बढ़ा दी है। इसे नरेंद्र मोदी सरकार की कार्यशैली का परिणाम मानने के साथ ही दिल्ली में मध्यावधि चुनाव की आहट के तौर पर भी देखा जा
नई दिल्ली (राज्य ब्यूरो)। बिजली व पानी के मुद्दे पर विपक्षी पार्टियों के हमले झेल रही भाजपा ने दिल्ली की समस्याएं दूर कर लोगों से जुड़ने की मुहिम शुरू कर दी है। सांसदों ने सुनियोजित तरीके से सक्रियता बढ़ा दी है। इसे नरेंद्र मोदी सरकार की कार्यशैली का परिणाम मानने के साथ ही दिल्ली में मध्यावधि चुनाव की आहट के तौर पर भी देखा जा रहा है। सांसदों की सक्रियता ने विपक्षियों की नींद उड़ा दी है।
केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद से कांग्रेस व आम आदमी पार्टी दिल्ली में प्रत्येक समस्या के लिए सीधे तौर पर भाजपा को जिम्मेदार ठहराती रही है। उनका तर्क है कि दिल्ली में राष्ट्रपति शासन होने के कारण परोक्ष रूप से केंद्र सरकार दिल्ली में शासन कर रही है। विपक्ष के हमले से भाजपा नेता असहज महसूस करने लगे थे, क्योंकि दिल्ली की समस्याओं को लेकर उनके पास भी ठोस जवाब नहीं था। इस वजह से भाजपा का विशेष सदस्यता अभियान भी असफल रहा। इस बीच भाजपा विधायकों ने सरकार बनाने की भी मुहिम शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। दूसरी ओर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल भाजपा पर दिल्ली में अनैतिक तरीके से सरकार बनाने की साजिश रचने का आरोप लगाते हुए शीघ्र विधानसभा चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं। आप लोगों से जुड़ने के लिए मोहल्ला सभाएं व हस्ताक्षर अभियान भी चला रही है। आप की बढ़ती सक्रियता व उसके द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का जवाब देने के लिए भाजपा ने दिल्ली की समस्याएं दूर कराने की मुहिम शुरू कर दी है। इसके लिए दिल्ली से चुने गए सभी सात सांसदों को आगे किया गया है।
भाजपा सांसद मंगलवार को शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू से मिलकर दिल्ली की सभी अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित कराने, छोटे भूखंड पर मकान बनाने के लिए नक्शा पास कराने की अनिवार्यता खत्म करने तथा दिल्ली में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने का ऐलान किया। बुधवार को यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए लंबित पड़े ईस्टर्न व वेस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे व निजामुद्दीन से मेरठ तक एलीवेटेड सड़क बनाने की घोषणा की गई। अगली कड़ी में अन्य समस्याएं लेकर सभी सांसद उपराज्यपाल से मुलाकात करने वाले हैं। भाजपा का मानना है कि इससे पार्टी को लाभ मिलेगा। समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगने से लोग भाजपा के साथ जुड़ेंगे, जिससे आप व कांग्रेस को राजनीतिक मात दी जा सकती है।