भाजपा सांसद के बिगड़े बोल, गांधी परिवार के चरित्र पर उठाए सवाल
सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर हो रही बयानबाजी के बीच भाजपा एक सांसद ने राहुल गांधी पर विवादित टिप्पणी की है।
नई दिल्ली, (वेब डेस्क)। सर्जिकल स्ट्राइक पर बयानबाजी करने के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी पार्टी के नेता लगातार विरोधियों के निशाने पर हैं। इसी बीच, राहुल गांधी को लेकर एक शर्मनाक टिप्पणी सामने आई है। भाजपा के एक सांसद ने मर्यादा की सारी सीमाओँ को लांघते हुए राहुल गांधी को लेकर बाहद ही आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया है। पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए बाबू लाल ने गांधी परिवार के चरित्र पर ही सवालिया निशान लगा दिया।
यूपी के फतेहपुर सीकरी से सांसद बाबू लाल ने कहा 'राहुल गांधी को किस चीज का सबूत चाहिए, सबूत तो राहुल गांधी के पास खुद नहीं है कि वो किसकी पैदाइश है।' बाबू लाल यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा ये लोग हमारी सेना पर उंगली उठा रहे हैं। इसीलिए ऐसे लोगों को पाकिस्तान या दुबई भेज देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा बंटवारे की राजनीति करती आई है। इनका इतिहास रहा है कि इन्होंने कभी पाकिस्तान को अलग किया तो कभी बांग्लादेश को अलग किया। कांग्रेस ने देश के बंटवारे का काम किया है।
'खून की दलाली' बयान पर बोले केजरीवाल- सेना अहम, सोच समझ कर बोलें राहुल
कांग्रेेस ने किया पलटवार
बाबूलाल के विवादित बयान पर कांग्रेसियों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उत्तराखंड कांग्रेस के प्रवक्ता श्रीगोपाल नारसन ने इसे सांसद का मानसिक दिवालियापन करार दिया। वहीं सांसद के बयान से नाराज कांग्रेस के प्रदेश संगठन सचिव विकास त्यागी ने कहा कि सत्ता के नशे में भाजपा सांसद अपनी मर्यादा भूल गए हैं। देश जानता है कि गांधी परिवार ने स्वतंत्रता आंदोलन में अपना सब कुछ न्योछावर कर दिया, लेकिन जिन लोगों का आजादी की लड़ाई में जरा भी योगदान नहीं है, वे आज गांधी परिवार पर सवाल उठा रहे हैं।