हिंसा का जायजा लेने पहुंचा भाजपा दल गिरफ्तार
पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में हिंसाग्रस्त गांव माकड़ा के हालात का जायजा लेने पहुंचे भाजपा केंद्रीय के प्रतिनिधि दल को पुलिस ने गिरफ्तार कर
कोलकाता [जागरण ब्यूरो]। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में हिंसाग्रस्त गांव माकड़ा के हालात का जायजा लेने पहुंचे भाजपा केंद्रीय के प्रतिनिधि दल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गांव में प्रवेश से रोकने पर केंद्रीय टीम में शामिल भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी, पार्टी सांसद कीर्ति आजाद, उदित राज, बंगाल प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा व अन्य को पुलिस ने शांतिभंग व धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार किया। उन्हें पारुई थाने में आधे घंटे तक हिरासत में रखा, फिर निजी मुचलके पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस कार्रवाई की सूचना फैलते ही प्रदेश भर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया। ऐसा पहली बार हुआ है जब भाजपा के किसी केंद्रीय प्रतिनिधि दल को पश्चिम बंगाल में गिरफ्तार किया गया। इससे पहले भी प्रदेश में तृणमूल कांग्रेस व भाजपा समर्थकों के बीच हिंसा के बाद केंद्रीय टीम ने प्रदेश का दौरा किया था।
कुछ दिन पहले माकड़ा गांव में सौ से अधिक हथियारबंद अपराधियों ने ग्रामीणों से लूटपाट की और तीन लोगों की हत्या कर दी थी। इसकी पड़ताल करने पहुंची भाजपा की टीम के 12 नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
पार्टी नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि वे सौहार्द और शांति के लिए माकड़ा गांव जा रहे थे। तृणमूल सरकार जितनी ताकत उन्हें रोकने में खर्च कर रही है, अगर उतनी ताकत माफिया और आतंकियों को रोकने में करती तो इस तरह बेगुनाहों की हत्या नहीं होती।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नकवी ने कहा कि राज्य के गृह विभाग ने उनसे आगे न बढ़ने के लिए कहा था क्योंकि वहां निषेधाज्ञा लागू है, लिहाजा सिर्फ तीन लोग गांव में जाना चाहते थे, लेकिन नहीं जाने दिया गया। वे इसकी रिपोर्ट भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को सौपेंगे।
इससे पहले भाजपा नेताओं के प्रदेश में पहुंचते ही मुख्यमंत्री सचिवालय की ओर से फैक्स भेजकर प्रतिनिधि दल को गांव में नहीं जाने के निर्देश दिए गए थे।