भाजपा के घोषणापत्र में किरण बेदी की योजनाओं को अहमियत
भाजपा के घोषणापत्र में सिर्फ किरण बेदी की योजनाएं ही नजर आ रही हैं। राजधानी के विकास व महिला सुरक्षा को लेकर किरण बेदी द्वारा तैयार की गई योजनाओं को भी भाजपा अपने चुनाव घोषणापत्र में अहमियत देगी। यही वजह है कि चुनाव घोषणापत्र को अंतिम रूप देने से पहले
नई दिल्ली। भाजपा के घोषणापत्र में सिर्फ किरण बेदी की योजनाएं ही नजर आ रही हैं। राजधानी के विकास व महिला सुरक्षा को लेकर किरण बेदी द्वारा तैयार की गई योजनाओं को भी भाजपा अपने चुनाव घोषणापत्र में अहमियत देगी। यही वजह है कि चुनाव घोषणापत्र को अंतिम रूप देने से पहले उसे बेदी के पास भेजा गया है। उम्मीद है कि 28 या 29 जनवरी को भाजपा अपना घोषणापत्र जारी कर देगी।
भाजपा नेताओं का कहना है कि पार्टी का चुनाव घोषणापत्र कमोबेश पिछले विधानसभा चुनाव की तरह ही होगा क्योंकि दिल्ली के लोगों की समस्याएं व अपेक्षाएं पहले की तरह ही बनी हुई हैं। हालांकि, इसमें भाजपा की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी की राय को भी अहमियत दी जाएगी। दिल्ली के विकास व महिला सुरक्षा को लेकर उनकी अपनी योजना है, जिसे वह चुनाव प्रचार में लोगों के सामने रख भी रही हैं। उनका कहना है कि सामाजिक सुधार तथा प्रशासन व पुलिस के बीच बेहतर तालमेल बनाकर दिल्ली को अपराधमुक्त बनाया जा सकता है। इसके लिए सिविल डिफेंस, होमगार्ड और निजी सुरक्षा गार्ड की भी सहायता ली जाएगी।
चुनाव घोषणापत्र कमेटी के अध्यक्ष केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन का कहना है कि लगभग एक साल पहले दिल्ली में विधानसभा चुनाव हुए थे और उस समय जो मुद्दे थे वे अभी भी बने हुए हैं। घोषणापत्र का ड्राफ्ट तैयार कर उसे किरण बेदी के पास भेजा गया है, क्योंकि वह मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार हैं। यदि उनका कोई सुझाव होगा तो उसे भी इसमें शामिल किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा देने सहित लोगों को सस्ती बिजली, पानी की समस्या हल करने, यमुना को स्वच्छ बनाने सहित कई वादे किए गए थे। इसलिए उम्मीद है कि दिल्ली को वाई-फाई बनाने तथा डिजिटल दिल्ली के भी सपने दिखाये जाएंगे। सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को सुधारने, प्रदूषण का स्तर कम करने, सभी अवैध कॉलोनियों को नियमित करने, बिजली बिल में कमी लाने तथा पेयजल की समस्या दूर करने का वादा किया जाएगा।
वहीं, प्रधानमंत्री के जहां झुग्गी वहां मकान योजना को भी घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा। भाजपा नेताओं ने बताया कि बेदी के सुझाव शामिल करने के बाद घोषणापत्र का ड्राफ्ट भाजपा चुनाव समिति तथा उसके बाद केंद्रीय नेतृत्व के पास भेजा जाएगा। वहां से अनुमति मिलने के बाद इसे जारी कर दिया जाएगा।
भाजपा की मुख्यमंत्री पद की प्रत्याशी किरण बेदी अपने विधानसभा क्षेत्र में भाषण से ज्यादा लोगों से संवाद कर रही हैं। लोगों से बात कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी जुटा रही हैं साथ ही उन्हें समधान का आश्वासन भी दे रहीं हैं। उन्होंने शनिवार को अपने इलाके में चुनाव कार्यायल का उद्घाटन भी किया। वह विधानसभा क्षेत्र में कई इलाकों में गईं। बेदी रोजाना अपने इलाके में दोपहर से पहले चुनाव प्रचार करेंगी। दोपहर बार वह दिल्ली के अन्य इलाकों में चुनाव प्रचार के लिए जाएंगी।
इसे भी पढ़ें: दिल्ली के दंगल में फतह को शुरू हुआ नया पोस्टर वार
इसे भी पढ़ें: नुपुर शर्मा ने बंदर से की अरविंद केजरीवाल की तुलना
बताएं दिल्ली विधानसभा चुनाव में किसको मिलेगी कितनी सीट, और जीतें आकर्षक ईनाम -