भाजपा से हमें राष्ट्रवाद का पाठ सीखने की जरूरत नहीं: अहमद पटेल
गुजरात के मुख्यमंत्री द्वारा संदिग्ध आइएस आतंकी से संबंध होने का आरोप लगाने के बाद अहमद पटेल जमकर उन पर बरसे।
जम्बुसर, पीटीआई। आइएस के एक संदिग्ध आतंकी से संबंध होने के आरोपों को खारिज करते हुए बुधवार को कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने गुजरात की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद को लेकर भाजपा के पास एकमात्र अनुबंध नहीं है।
आपको बता दें कि गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने अहमद पटेल पर सूरत से गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आइएस आतंकी से संबंध होने का आरोप लगाया है। दरअसल, वह पहले अंकलेश्वर के जिस अस्पताल में बतौर तकनीशियन काम करता था, उसके अहमद पटेल ट्रस्टी रहे थे। इसको लेकर रूपाणी ने उन पर हमला बोलते हुए इस्तीफे की मांग की है।
वहीं इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए अहमद पटेल ने कहा कि उनका राज्य सभा चुनाव लड़ना भाजपा के लिए आंख का काटा बन गया। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में यहां एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 'जब वे दिक्कतों से जूझते हैं, राष्ट्रवाद व सांप्रदायिकता की बातें करते हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री ने मेरे बारे में कुछ कहा, उन्हें इसको लेकर शर्मिंदा होना चाहिए।'
अहमद पटेल ने आगे कहा, 'जिस तरह से उन्होंने कहानी गढ़ी, ऐसा लगता है कि जैसे एकमात्र उनके पास राष्ट्रवाद को लेकर अनुबंध है। सिर्फ वे ही राष्ट्रवादी हैं, कोई और नहीं।' बकौल अहमद पटेल, 'कांग्रेस और उसके नेताओं ने देश के लिए कई त्याग किए हैं। इसकी शुरुआत महात्मा गांधी से हुई और आजादी के बाद इंदिराजी, राजीवजी। कई पार्टी कार्यकर्ता और नेता आतंकवाद का निशाना बने...आपसे हमें राष्ट्रवाद, देशभक्ति का पाठ सीखने की जरूरत नहीं है।'
यह भी पढ़ें: न्यूज बुलेटिनः दोपहर 3 बजे तक की पांच बड़ी खबरें