फीरोजाबाद में बूथ लूट पर बवाल, भाजपाइयों पर लाठीचार्ज
बूथ कैप्चरिंग के विरोध में धरने पर बैठे भाजपाइयों पर पुलिसिया बर्बरता ने शहर को बवाल की आग में झोंक दिया। चारों तरफ से घेरकर लाठीचार्ज के बाद भड़की भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। इसके बाद थाना पुलिस की जीप में आग लगा दी। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और हाईवे पर दौड़ते वाहनों पर पथराव किया। भीड़ ने सपा के होर्डिग तोड़ डाले। लगभग डेढ़ घंटे तक चले बवाल के बाद शहर भर में तनाव फैल गया। देर रात आइजी, डी
फीरोजाबाद [जासं]। बूथ कैप्चरिंग के विरोध में धरने पर बैठे भाजपाइयों पर पुलिसिया बर्बरता ने शहर को बवाल की आग में झोंक दिया। चारों तरफ से घेरकर लाठीचार्ज के बाद भड़की भीड़ ने पुलिस पर पथराव किया। इसके बाद थाना पुलिस की जीप में आग लगा दी। आक्रोशित भीड़ ने पुलिस कर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और हाईवे पर दौड़ते वाहनों पर पथराव किया। भीड़ ने सपा के होर्डिग तोड़ डाले। लगभग डेढ़ घंटे तक चले बवाल के बाद शहर भर में तनाव फैल गया। देर रात आइजी, डीआइजी समेत तमाम अफसर मौके पर पहुंच गए।
गुरुवार को जसराना, सिरसागंज विधानसभा क्षेत्र में पुलिस-प्रशासन के संरक्षण में हुई बूथ कैप्चरिंग के बाद भाजपा प्रत्याशी प्रो. एसपी सिंह बघेल विधायक मनीष असीजा, पूर्व विधायक शिवसिंह चक के साथ सुभाष चौराहे पर शांतिपूर्वक धरना प्रदर्शन पर बैठ गए। रात्रि करीब 11.15 बजे भाजपाई सुभाष तिराहे पर बैठे हुए थे कि अर्द्धसैनिक बलों की टीम के साथ पीएससी पहुंच गई। अर्द्ध सैनिक बल के जवानों ने बिना किसी बातचीत कि धरना पर बैठे लोगों और समर्थकों पर लाठीचार्ज कर दिया। यह देख पब्लिक का आक्रोश भड़क गया और लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। पथराव होते ही फोर्स भाग लिया।
पुलिस के पैर उखड़ने के बाद आक्रोशित भीड़ हाईवे पर पहुंच गई। जहां समाजवादी पार्टी के होर्डिग्स तहस-नहस कर दिए। इसके बाद गुजरने वाले हर एक वाहन पर पथराव शुरू कर दिया। जिसमें कई वाहनों के शीशे फूट गए। इसी दौरान दो पुलिसकर्मी और एक जीप यहां से गुजरी। गुस्साई भीड़ ने पुलिस जीप की घेराबंदी की कि उसमें सवार दो पुलिसकर्मी वहां से भाग लिए। भीड़ ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे वे लहूलुहान हो गए। पुलिस की जीप को उग्र भीड़ ने पलट दिया और आग लगा दी। करीब आधा घंटा तक उपद्रव चलता रहा, लेकिन एक भी पुलिसकर्मी व अर्द्धसैनिक बल के जवान दिखाई नहीं दिए। रात्रि करीब बारह बजे तक हाईवे पर बवाल होता रहा। इस दौरान फोर्स ने मीडिया कर्मियों को भी नहीं बख्शा, उन पर भी लाठी-डंडे बरसाए। इस दौरान कई मीडिया कर्मियों के चोटें आई हैं। लाठीचार्ज में प्रत्याशी बघेल समेत कई भाजपाई घायल हुए हैं।
---
पुलिस ने की हवाई फायरिंग
उपद्रव के दौरान हवाई फायरिंग भी हुई। लेकिन बताते हैं कि पुलिस जीप में आग लगाए जाने के बाद उसकी टंकी फटने से भी फायरिंग होने की आवाज हुई थी।
---
पुलिस ने कराया बवाल
फीरोजाबाद: भाजपाई शांति पूर्ण तरीके से सुभाष तिराहे पर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। समर्थकों की भीड़ कई जगह से आना शुरू हो गया था। यह खबर जैसे ही प्रशासन के खेमे में हुई तो पुलिस हरकत में आ गई। पीएसी और पैरा मिलट्री जैसे कपड़े पहने जवानों ने धरना स्थल पर आकर भाजपाई व समर्थकों पर लाठीचार्ज करना शुरू कर दिया। इसी को लेकर लोगों का आक्रोश भड़क उठा और सुहागनगरी सुलग उठी।