सुरेश प्रभु व विरेंद्र सिंह ने राज्यसभा के लिए भरा पर्चा
नए रेल मंत्री सुरेश प्रभु और चौधरी बीरेंद्र सिंह ने आज चंडीगढ़ में राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। गौरतलब है कि भाजपा ने पहले से ही तय कर लिया था कि हरियाणा से राज्यसभा के लिए होने वाले उप चुनाव में चौधरी बीरेंद्र सिंह और सुरेश प्रभु को
चंडीगढ़। नए रेल मंत्री सुरेश प्रभु और चौधरी बीरेंद्र सिंह ने आज चंडीगढ़ में राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। गौरतलब है कि भाजपा ने पहले से ही तय कर लिया था कि हरियाणा से राज्यसभा के लिए होने वाले उप चुनाव में चौधरी बीरेंद्र सिंह और सुरेश प्रभु को उम्मीदवार बनाया जाएगा। नामंकन प्रक्रिया के दौरान मुख्यमंत्री मनोहर लाल खटर सहित कई मंत्री व विधायक मौजूद थे।
इससे पहले, केंद्रीय चुनाव समिति ने तय किया था कि हरियाणा की दो खाली हुई सीटों से इन दोनों ही नेताओं को पार्टी राज्यसभा उपचुनाव में उतारेगी। महत्वपूर्ण है कि सुरेश प्रभु महाराष्ट्र से आते हैं जबकि चौ. बीरेन्द्र सिंह हरियाणा से ही हैं। चूंकि कैबिनेट में शामिल होने के बाद इन दोनों ही मंत्रियों के लिए छह माह के भीतर संसद के दोनों में से किसी सदन का सदस्य होना जरूरी है, इसलिए इन दोनों को हरियाणा में हो रहे राज्यसभा उपचुनाव में उतारने का फैसला किया गया।
राज्यसभा की ये दोनों ही सीटें त्यागपत्र देने के कारण खाली हुई थीं। इनमें से एक सीट चौ. बीरेन्द्र सिंह के पास थी। कांग्रेस के टिकट पर ही वे राज्यसभा में पहुंचे थे लेकिन बाद में उन्होंने कांग्रेस से त्यागपत्र दे दिया। इसी वजह से उन्होंने राज्यसभा सीट भी छोड़ दी थी।