नाबालिक युवती को लेकर फरार हुआ कांग्रेसी विधायक
टना जिले में बिक्रम विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक सिद्धार्थ सिंह 17 साल की लड़की को उसके घर से उठाकर फरार हो गए। आठ दिन पहले भी वह इस लड़की को लेकर भागे थे।
पटना, जागरण ब्यूरो। पटना जिले में बिक्रम विधानसभा सीट से कांग्रेस के विधायक सिद्धार्थ सिंह 17 साल की लड़की को उसके घर से उठाकर फरार हो गए। आठ दिन पहले भी वह इस लड़की को लेकर भागे थे। तब घर वालों ने माफी मांगने पर केस नहीं किया था, लेकिन इस बार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
लड़की को लेकर विधायक के भागने की खबर के बाद राजनीतिक गलियारे में हड़कंप मच गया। घटना गुरुवार की सुबह की है। मसौढ़ी में नाबालिग के घर से उन्होंने लड़की को वाहन पर बिठाया और गायब हो गए। लड़की के पिता ने मसौढ़ी थाने में उनके खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कराया है।
पूर्व में सिद्धार्थ हत्या के आरोप में जुवेनाइल कोर्ट से दोषी ठहराया जा चुका है। उस सजा के विरोध में उसने वयस्कों की अदालत में अपील की जहां से उसे आठ साल की सजा हुई थी। वह तब तक वयस्क हो चुका था और उसने सजा भुगती। जुवेनाइल कोर्ट ने उन्हें हत्या का दोषी करार दिया था।
विधायक सिद्धार्थ सिंह इसी किशोरी को आठ दिन पहले भी लेकर भागे थे, जिसे कंकड़बाग पुलिस थाना क्षेत्र के पार्वती गर्ल्स हॉस्टल से बरामद किया गया था। तब विधायक के माफी मांगने पर किशोरी के पिता ने पुलिस में शिकायत नहीं की थी। लेकिन इस बार मसौढ़ी थाने में विधायक और उनके दोस्त मुकेश कुमार पर शादी की नीयत से अपहरण करने की प्राथमिकी दर्ज कराई। विधायक प्रख्यात शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. उत्पल कांत के पुत्र हैं।
मसौढ़ी निवासी किशोरी के पिता के मुताबिक सुबह नौ बजे सिद्धार्थ सिंह स्कॉर्पियो से दोस्त मुकेश कुमार (गोखुला, भगवानगंज) के साथ उनके घर पहुंचे थे। एसएसपी मनु महाराज ने कहा कि किशोरी की बरामदगी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी चल रही है।
जनप्रतिनिधियों पर लगातार लग रहे आरोप हफ्ते भर पहले जोकीहाट के जदयू विधायक सरफराज आलम पर राजधानी एक्सप्रेस में दिल्ली के एक दंपती से दुर्व्यवहार और छेड़छाड़ का आरोप लगा था। उनकी गिरफ्तारी हुई और जमानत पर छूटे। बुधवार को गया के अतरी से राजद विधायक कुंती देवी के पुत्र रंजीत यादव ने नीमचक बथानी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) में पदस्थापित डॉक्टर सत्येंद्र कुमार को दौड़ाकर बुरी तरह पीटा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। रंजीत फरार हो गया है।