बिहार विधानसभा के 95 साल पूरे, धूमधाम से मनाया जा रहा स्थापना दिवस
बिहार विधानसभा का आज स्थापना दिवस है। इस मौके पर पूरे विधानसभा परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया।
पटना। बिहार विधानसभा का आज स्थापना दिवस है। इस मौके पर पूरे विधानसभा परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। स्थापना दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया।
इस अवसर पर स्पीकर विजय चौधरी, संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार, नेता प्रतिपक्ष प्रेम कुमार भाजपा नेता सुशील मोदी उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद थे।
दो दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी के अलावा संवैधानिक मामलों के विशेषज्ञ सुभाष कश्यप और जीसी मल्होत्रा भी शिरकत करेंगे। संवैधानिक मामलों के दोनों विशेषज्ञ विधायकों को विधायी प्रक्रिया और संसदीय आचरण के बारे में बताएंगे।
पहले दिन उद्घाटन सत्र के बाद जीसी मल्होत्रा विधायकों से रु-ब-रु होंगे। इसमें सदस्यों को सदन में पूछे जाने वाले कई तरह के प्रश्नों जैसे अल्पसूचित, तारांकित, ध्यानाकर्षण आदि के बारे में बताया जाएगा।
विधानसभा स्थापना दिवस के दूसरे दिन सुभाष कश्यप सदस्यों को विशेषाधिकार और विभिन्न तरह की समितियों एवं उसके अधिकारों के बारे में बताएंगे और उनके द्वारा पूछे गये सवालों का जवाब भी देंगे। इस दौरान विधायक चाहें तो सदन में पूछे जाने वाले विभिन्न तरह के सवालों और मुद्दों की प्रक्रिया के बारे में भी पूछ सकते हैं।
गौरतलब है कि 7 फरवरी 1931 को बिहार विधानसभा की स्थापना हुई थी। आज बिहार विधानसभा भवन 95 साल का हो गया। इस मौके पर पहली बार बड़े पैमाने पर समारोह का आयोजन किया जा रहा है।