बेंगलुरु है दुनिया का सबसे सस्ता शहर
भारत की सूचना प्रौद्योगिकी का केंद्र बेंगलुरु और पाकिस्तान की वित्तीय राजधानी कराची विश्व के सबसे सस्ते शहरों में शुमार हैं।
लंदन । भारत की सूचना प्रौद्योगिकी का केंद्र बेंगलुरु और पाकिस्तान की वित्तीय राजधानी कराची विश्व के सबसे सस्ते शहरों में शुमार हैं। दुनिया के सबसे महंगे शहरों की सूची में सिंगापुर लगातार दूसरे वर्ष भी शीर्ष पर बना हुआ है। इकोनामिक इंटेलीजेंस यूनिट (ईआइयू) के ताजा सर्वेक्षण में यह बात कही गई है।
ईआइयू द्वारा तैयार 'वर्ल्डवाइड कॉस्ट ऑफ लिविंग रिपोर्ट 2015' के अनुसार, भारतीय शहरों मुंबई, चेन्नई और नई दिल्ली में भी गुजर-बसर करना काफी सस्ता है।
सर्वेक्षण में न्यूयार्क को आधार मानकर 133 शहरों को शामिल किया गया। इसमें 160 सेवाओं और उत्पादों की कीमतों को ध्यान में रखा गया है। इसमें बेंगलुरु को कराची के साथ संयुक्त रूप से 133वें स्थान पर, जबकि मुंबई को 130वां, चेन्नई को 129वां और नई दिल्ली को 128वां स्थान दिया गया है।
सर्वेक्षण में सिंगापुर सबसे महंगा शहर है। उसके बाद पेरिस, ओस्लो, ज्यूरिख और सिडनी का नंबर आता है। जबकि जेनेवा, कोपेनहेगन, फ्रैंकफर्ट और हेलसिंकी शीर्ष दस में महंगे शहरों में शामिल हैं। लंदन को 11वां और टोक्यो को 12वां स्थान दिया गया है।
क्यों सस्ते हैं भारतीय शहर
ईआइयू के मुताबिक, एशिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक व्यवस्था वाले देश भारत में कम मजदूरी और कुछ बुनियादी चीजों पर सब्सिडी के चलते बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई और नई दिल्ली का नाम सस्ते शहरों में शामिल हुआ है।