बंगाल में 1961 उम्मीदवारों में से 244 करोड़पति
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मैदान में उतरे 1961 उम्मीदवारों में से 244 करोड़पति हैं।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए मैदान में उतरे 1961 उम्मीदवारों में से 244 करोड़पति हैं। करोड़पति उम्मीदवारों की सूची में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस 114 उम्मीदवारों के साथ शीर्ष स्थान पर है। यह आंकड़ा पश्चिम बंगाल इलेक्शन वाच एंड एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) द्वारा किए गए एक सर्वेक्षण में उजागर किया गया है।
एडीआर के सर्वेक्षण में कहा गया है कि चुनाव में 46 करोड़पति उम्मीदवारों के साथ भाजपा दूसरे स्थान पर है, जबकि कांग्रेस के 31, निर्दलीय में से 19 , माकपा के 13, बसपा के चार और आरएसपी के दो उम्मीदवार करोड़पति हैं। सर्वेक्षण में बताया गया है कि चुनाव लड़ रहे 1961 उम्मीदवारों में से 245 निवर्तमान विधायक हैं, जिनमें से 81 करोड़पति हैं। संपत्ति की यह वृद्धि करीब 112 फीसद है। 2011 में इन 245 विधायकों की औसत संपत्ति 60.11 लाख रुपये थी जो 2016 में बढ़ कर 1.27 करोड़ रुपये हो गई है। सर्वे में बताया गया है कसबा से चुनावी मैदान में उतरे राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री जावेद खान की संपत्ति में करीब 598 फीसद की बढ़ोतरी हुई है।
2011 में उनकी कुल संपत्ति 2.16 करोड़ रुपये आंकी गई थी जो 2016 में बढ़ कर 17.29 करोड़ रुपये हो गई। दूसरी ओर 354 उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने की घोषणा की है। इनमें से 86 तृणमूल के हैं जो कि सर्वाधिक है। वहीं भाजपा के 66, माकपा के 58 और कांग्रेस के 41 उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज है। सर्वे में कहा गया है कि 294 उम्मीदवारों पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें तृणमूल के 76, भाजपा से 52, माकपा से 47 और कांग्रेस से 31 उम्मीदवार शामिल हैं। सर्वे में यह भी कहा गया है कि 1961 उम्मीदवारों में से 24 पर हत्या जैसे संगीन मामले दर्ज हैं।
यह भी पढ़ेंः अमेरिकी कानून में फंसा पांच माह का बच्चा
यह भी पढ़ेंः जम्मू-कश्मीर 12वीं बोर्ड की परीक्षा में लड़कियों ने मारी बाजी