बराक पुल ढहने से मणिपुर का देश से संपर्क टूटा
मणिपुर में बारिश के कारण बराक पुल ढहने से जिरीबाम से इंफाल आने वाले माल से लदे करीब 200 ट्रक फंस गए हैं।
इंफाल (प्रेट्र)। मणिपुर में सोमवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-102 पर स्थित महत्वपूर्ण बराक पुल ढह गया जिसके कारण इस पूर्वोत्तर राज्य का देश के बाकी हिस्से से संपर्क टूट गया। परिवहन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यह पुल उस समय ध्वस्त हो गया जब माल से भरा एक दस पहिये वाला ट्रक इससे गुजर रहा था।
पुल रविवार रात से ही काफी जर्जर हो गया था। बराक पुल ढहने से जिरीबाम से इंफाल आने वाले माल से लदे करीब 200 ट्रक फंस गए हैं। पुल की मरम्मत का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। बराक ब्रिज इंफाल-जिरीबाम हाईवे पर स्थित है। यह हाईवे इस सीमावर्ती राज्य की दूसरी जीवनरेखा कहा जाता है। पड़ोसी राज्य नगालैंड के विस्वेमा में भारी भूस्खलन के बाद इंफाल-दीमापुर राष्ट्रीय राजमार्ग से संपर्क टूट जाने की वजह से इंफाल-जिरीबाम हाईवे की अहमियत बढ़ गई थी।
यह भी पढ़ें : मणिपुर में मूसलधार बारिश के कारण तबाही, सरकार ने शुरू किया राहत कैंप