ऑस्ट्रेलिया की सबसे धनी महिला आधी संपत्ति देंगी दान
ऑस्ट्रेलिया की सबसे धनी उद्योगपति गिना राइनहार्ट अपनी आधी संपत्ति दान करने वाली हैं। हालांकि इसको लेकर उनको पारिवारिक खींचतान का काफी सामना करना पड़ा।
सिडनी। ऑस्ट्रेलिया की सबसे धनी उद्योगपति गिना राइनहार्ट अपनी आधी संपत्ति दान करने वाली हैं। हालांकि इसको लेकर उनको पारिवारिक खींचतान का काफी सामना करना पड़ा।
शिन्हुआ के अनुसार, राइनहार्ट की कुल संपत्ति की कीमत करीब 10.22 अरब डॉलर (करीब 65 हजार 461 करोड़ रुपये) है। कई सालों के मुकदमे के बाद पिछले महीने संपत्ति विवाद सुलटा। इसके बाद बच्चों से उनके बिगड़े रिश्ते सुधर पाए। उनकी बेटी का नाम बियांका है जबकि जॉन हैनकॉक बेटे हैं। सारा विवाद पारिवारिक ट्रस्ट फंड को लेकर था।
अब समझौते के तहत दोनों ट्रस्ट फंड की 2.92 अरब डॉलर (करीब 18700 करोड़ रुपये) पर नियंत्रण करेंगे। देश की अग्रणी लौह अयस्क कारोबारी गिना राइनहार्ट अपनी संपत्ति का 50 फीसद हिस्सा निधन से पहले या बाद में दान करने के बारे में सोच रही हैं। बेटे हैनकॉक चाहते हैं कि उनकी मां पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया के लौह अयस्क कारोबारी एंड्रयू फारेस्ट का अनुसरण करें।
उसके तहत कैंसर अनुसंधान, ऑस्ट्रेलिया के सुदूरवर्ती इलाकों में रोगियों का इलाज करने वाली रॉयल फ्लाइंग डॉक्टर सर्विस के अलावा ओलंपिक तैयारी करने वालों को दान से मदद दी जाए। गीना की इस बात पर आलोचना भी होती रही है कि उन्हें जितना दान देना चाहिए था, वैसा वह नहीं कर रही हैं।