मुंबई की सबसे महंगी डील, 2 लाख प्रति स्क्वायर फीट के दाम पर बिका फ्लैट
2,152 स्क्वायर फीट के फ्लैट की खास बात यह है कि यहां से आराम से अरब सागर का नजारा देखा जा सकता है।
मुंबई, जेएनएन। मुंबई में एक फ्लैट 2.09 लाख रुपए प्रति स्क्वायर फीट के दाम पर बिका है। आपको भले ही इस पर एक पल को यकीन ना हो, मगर इसे शहर का सबसे महंगा रियल एस्टेट डील बताया जा रहा है। भुलाभाई देसाई रोड पर स्थित इस फ्लैट को एंपायर इंडस्ट्रीज के वाइस चैयरमैन रंजीत मल्होत्रा ने 45 करोड़ रुपए में खरीदा है।
2,152 स्क्वायर फीट के फ्लैट की खास बात यह है कि यहां से आराम से अरब सागर का नजारा देखा जा सकता है। मल्होत्रा ने यह फ्लैट एशफोर्ड पलाज्जो नामक इमारत की 16वीं मंजिल पर खरीदा है।
मुंबई मिरर के अनुसार, रंजीत मल्होत्रा की पत्नी उमा ने भी इसी इमारत की 15वीं मंजिल का फ्लैट खरीदा है। दोनों ने एक ही दिन सौदा किया और उनका फ्लैट भी 45 करोड़ रुपये में खरीदा गया। उमा के फ्लैट का बिल्ट-अप एरिया 2,690 स्क्वायर फीट है। दोनों फ्लैट पर स्टाम्प ड्यूटी की बात करें तो मल्होत्रा दंपत्ति ने 2.25 करोड़ रुपये चुकाए हैं। सौदा नौ अगस्त को किया गया था।
रंजीत और उमा एंपायर इंडस्ट्रीज में डायरेक्टर हैं। उमा गरीब बच्चों के लिए स्कूल चलाती हैं। रंजीत टेक्सास यूनिवर्सिटी से एमबीए हैं। दक्षिण मुंबई के ताहनी हाइट्स में दोनों का एक फ्लैट पहले से है। 19 मंजिल के ऐशफर्ड पलाज्जो इमारत में हर फ्लोर पर एक फ्लैट है और बिल्डिंग में महज 12 फ्लैट ऐसे हैं, जिनमें लोग रहते हैं। इसमें 6 लेवल पार्किंग है, जिम है, बैंक्वेट हॉल है, बच्चों के लिए प्ले एरिया है और एक सर्विस फ्लोर भी है।
यह भी पढ़ें: मुंबई में लोनावला के पास ट्रेन पर गिरा चट्टान का टुकड़ा, 3 यात्री हुए घायल