दिल्ली के मैडम तुसाद में खुद अपनी मोम की प्रतिमा का अनावरण करेंगी आशा भोसले
दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित गायिका आशा भोसले की यह इस तरह की पहली प्रतिमा होगी।
मुंबई। अपनी सुरीली और मखमली आवाज़ से भारतीय सिनेमा जगत को एक नई पहचान दिलाने वाली प्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले की मोम की प्रतिमा दिल्ली स्थित मैडम तुसाद संग्रहालय की शोभा बढ़ाएगी।
इस मोम की प्रतिमा का अनावरण खुद आशा भोसले 3 अक्टूबर को करेंगी। इस प्रतिमा को 83 वर्षीय आशा भोसले के 150 स्पेसिफिक मेज़रमेंट्स और इमेजेस की मदद से तैयार किया गया है। आशा भोसले का भारतीय संगीत में बहुत बड़ा योगदान है। आशा भोसले ने बेहद खूबसूबत एवरग्रीन गीतों को आवाज़ दी है। खास तौर पर दिल चीज़ क्या है, मेरा कुछ सामान, पर्दे में रहने दो, पिया तू अब तो आजा, दम मारो दम और चुरा लिया शामिल है। आपको बता दें कि, दिल्ली के तुसाद संग्रहालय में स्पोर्ट्स, सिनेमा, पॉलीटिक्स, हिस्ट्री और म्यूजिक से जुड़े 50 प्रसिद्ध लोगों की मोम की प्रतिमा स्थापित की जा चुकी है। इस संग्रहालय में मधुबाला, अमिताभ बच्चन, शाहरुख़ ख़ान, करीना कपूर के साथ इंटरनेशनल सेलेब्स की भी प्रतिमाओं को स्थापित किया जा चुका है।
यह भी पढ़ें: बाहुबली 3 को लेकर राजमौली ने कर दिया ये बड़ा ख़ुलासा, खोला महाभारत का राज़
बता दें कि, बॉलीवुड की प्रसिद्ध और दिग्गज गायिका अपनी मखमली आवाज़ से वो 6 दशकों से संगीत प्रेमियों को लुभा रही हैं। इसलिए अब भारत के पहले मैडम तुसाद संग्रहालय, दिल्ली में बाकी दिग्गजों के साथ उनकी मोम की प्रतिमा भी आपको देखने को मिलेगी। दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित गायिका आशा भोसले की यह इस तरह की पहली प्रतिमा होगी।