चुनाव बांड व्यवस्था पर काम कर रही है सरकार : जेटली
जेटली ने कहा कि उन्होंने राजनीतिक दलों से संसद में मौखिक रूप से और लिखकर भी इस संबंध में बेहतर सुझाव मांगे थे।
नई दिल्ली, प्रेट्र। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा है कि सरकार चुनाव बांड व्यवस्था पर सक्रियता से काम कर रही है। लेकिन राजनीतिक चंदे की पारदर्शिता को लेकर किसी भी दल ने अब तक सुझाव नहीं दिया है।
जेटली ने कहा कि उन्होंने राजनीतिक दलों से संसद में मौखिक रूप से और लिखकर भी इस संबंध में बेहतर सुझाव मांगे थे। आज तक कोई भी दल इसके लिए आगे नहीं आया क्योंकि वे मौजूदा व्यवस्था से संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 70 वर्षों से भारतीय लोकतंत्र को अज्ञात स्रोत से चंदे मिलते आ रहे हैं।
जनप्रतिनिधि, सरकार, राजनीतिक दल और यहां तक कि चुनाव आयोग भी इस पर रोक लगाने में विफल रहे हैं। उल्लेखनीय है कि राजनीतिक चंदे में पारदर्शिता लाने के लिए वित्त मंत्री ने इस साल के बजट में राजनीतिक दलों को मिलने वाले गुमनाम चंदे 2,000 रुपये से अधिक नहीं होने का प्रस्ताव किया था और चुनाव बांड पेश किया था। जेटली ने कहा कि पिछले बजट में उन्होंने समाधान सुझाया था और वे इस पर सक्रियता के काम काम कर रहे हैं। वित्त मंत्री शनिवार को यहां एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: नोटबंदी और जीएसटी ने बढ़ाया टैक्स आधार, कैश में डीलिंग हुई मुश्किल