जेटली ने कहा, यूडीएफ और एलडीएफ ने केरल का किया नुकसान
केरल में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए आज भाजपा ने अपना विजन डॉक्यूमेंट जारी किया। इस दौरान अरुण जेटली ने कांग्रेस पार्टी और लेफ्ट पर जमकर निशाना साधा।
तिरुअनंतपुरम, प्रेट्र : केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने केरल में कांग्रेस और माकपा पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों ने वोट बैंक की राजनीति के चलते केरल का नुकसान किया है।
जेटली ने केरल विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को राजग का विजन डाक्यूमेंट जारी किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ और माकपा नेतृत्व वाले एलडीएफ ने राज्य में बारी-बारी से शासन किया। अब भाजपा राज्य में इनके विकल्प के तौर पर उभर कर सामने सामने आई है। उन्होंने कहा कि पिछले लोकसभा और नगर निकाय चुनावों भाजपा ने अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है।
जेटली ने कहा कि कांग्रेस और माकपा के तहत केरल में विकास की राजनीति नहीं हुई बल्कि केवल अपने वोट बैंक कायम रखने कर जोर दिया गया। संसाधनों को देखते हुए केरल को देश के सबसे समृद्ध राज्यों में होना चाहिए था लेकिन वाम दलों का आर्थिक मॉडल विकास का मॉडल नहीं था। कांगे्रस नेतृत्व वाले यूडीए ने भी यही रास्ता अपनाया। उन्होंने कहा कि केरल और पश्चिम बंगाल राजस्व घाटा उठाने वाले दो प्रमुख राज्य हैं। दोनों राज्य वामपंथी शासन और सिद्धांत के चलते पीछे पड़ गए हैं।
विजन डाक्यूमेंट जारी करने के दौरान केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष के. राजशेखरन और भारत धर्म जन सेना के अध्यक्ष तुषार वेल्लापल्ली भी मौजूद थे।
पढ़ें- केरल के सीएम ने लगातार 11वीं बार पुतुपल्ली सीट से नामांकन पत्र दाखिल किया