सेना के जवान ने पांच साथियों को मार आत्महत्या कर ली
जम्मू कश्मीर में सेना के एक जवान ने अपने पांच साथियों की हत्या कर खुद को गोली मार आत्महत्या कर ली है। घटना गांदरबल कैंप की है। मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में सेना के एक जवान ने बुधवार देर रात अपने पांच साथियों को गोली मार मौत के घाट उतारने के बाद खुद भी आत्महत्या कर ली।
श्रीनगर, राज्य ब्यूरो। जम्मू कश्मीर में सेना के एक जवान ने अपने पांच साथियों की हत्या कर खुद को गोली मार आत्महत्या कर ली है। घटना गांदरबल कैंप की है। बताया गया है कि आरोपी जवान रामबेर सिंह ने अपने सोते हुए साथियों पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी।
गौरतलब है कि वर्ष 2014 के दौरान जम्मू कश्मीर में किसी सैन्यकर्मी द्वारा अपने साथियों की हत्या कर खुद को गोली मारने का यह पहला हादसा है। यह हादसा मानसबल झील के पास स्थित सेना की 13 आरआर के बारम पथर सैन्य शिविर में हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। बताया गया है कि घटना तड़के लगभग दो बजे हुई।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि रामबेर सिंह नाम के जवान ने तड़के अपने पांच साथियों की गोली मार कर हत्या कर दी और एक को घायल कर दिया। बाद में उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। रामबेर कैंप में संतरी की ड्यूटी के लिए तैनात था। तड़के लगभग दो बजे वह बैरक में आया और अपने सोते हुए साथियों पर आंधाधुंध गोली चलानी शुरू कर दी।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता एनएन जोशी ने इस घटना की जानकारी देते हुए कहा कि इस घटना में आरोपी सहित छह जवानों की मौत हुई है। घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। इस वारदात से कैंप में शोक का माहौल है। संभल सफापोरा के अस्पताल में शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी यह पता नहीं चला है कि क्यों उसने अपने साथियों पर गोलियां बरसाई। सफापोरा स्थित थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। घटना में मारे गए जवानों के नाम हैं, राहुल मित्रा, जे राजपूत, अमित कुमार, सुरेंद्र सिंह और एमडी अंसारी।