राजनाथ बोले, अमित शाह फिर संभालेंगे भाजपा की कमान
केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने साफ किया कि अमित शाह दूसरे कार्यकाल के लिए भी भाजपा अध्यक्ष होंगे। उन्होंने कहा कि आजकल सरकार के खिलाफ कुछ लोग माहौल बनाने में जुटे हुए हैं, लेकिन उनकी मंशा कामयाब नहीं होगी।
नई दिल्ली। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने साफ किया कि अमित शाह दूसरे कार्यकाल के लिए भी भाजपा अध्यक्ष होंगे। उन्होंने कहा कि आजकल सरकार के खिलाफ कुछ लोग माहौल बनाने में जुटे हुए हैं, लेकिन उनकी मंशा कामयाब नहीं होगी।
राजनाथ सिंह ने कहा दादरी की घटना ने सियासी तूफान खड़ा कर दिया। लेकिन सच ये है कि कुछ निराश और हताश राजनीतिक दलों ने दादरी घटना का राजनीतिकरण कर दिया। मोदी सरकार सर्वधर्म संभाव में यकीन करती है, जिसमें हिंसा के लिए जगह नहीं है। आरएसएस या बीजेपी को हर घटना के लिए जिम्मेदार बताना नाइंसाफी है। उन्होंने कहा कि देश की जनता समझदार है और उन्हें बरगलाया नहीं जा सकता।
भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि बिहार चुनाव से पहले आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा को घेरने की पुरजोर कोशिश हुई लेकिन जनता ने नकार दिया। लालू और नीतीश का गठबंधन चुनाव के पहले से ही हताश था,वो आरक्षण पर जनता को भ्रमित करने में भी जुटे रहे हैं लेकिन उनकी कलई खुल गई।
मोदी सरकार को बदनाम करने की कोशिश हो रही है, बौद्धिक वर्ग का एक बड़ा तबका ये शोर मचा रहा है कि अल्पसंख्यक समाज खतरे में है, जो सच से कोसों दूर है, वो उन लेखकों और साहित्यकारों से खुले मन से बहस के लिए तैयार हैं। जो इस तरह का बौद्धिक प्रलाप कर रहे हैं।