Move to Jagran APP

भारत समेत दुनिया भर में लोगों ने किया सबसे अद्भुत चांद का दीदार, देखें- मनमोहक तस्वीरें

मंगलवार रात जब दुर्लभ सुपर स्नो मून निकला तो दुनिया भर में लोगों ने इसकी अद्भुत तस्वीरें कैमरे में कैद की। कुछ जगहों पर इस चांद के दीदार के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे।

By Amit SinghEdited By: Published: Tue, 19 Feb 2019 01:18 PM (IST)Updated: Wed, 20 Feb 2019 01:03 PM (IST)
भारत समेत दुनिया भर में लोगों ने किया सबसे अद्भुत चांद का दीदार, देखें- मनमोहक तस्वीरें
भारत समेत दुनिया भर में लोगों ने किया सबसे अद्भुत चांद का दीदार, देखें- मनमोहक तस्वीरें

नई दिल्ली [जागरण स्पेशल]। मंगलवार को माघ पूर्णिमा पर भारत समेत दुनिया भर में लोगों ने आकाश में सबसे दुर्लभ चांद का दीदार किया। वैज्ञानिकों ने इस दुर्लभ चांद को सुपर स्नो मून का नाम दिया है। वैज्ञानिकों के अनुसार अब करीब सात साल बाद ऐसा खूबसूरत चांद दिखेगा। अगर आप ने ये मौका गंवा दिया है, तो आप इसकी खूबसूरती का मजा तस्वीरों से ले सकते हैं।

prime article banner


यूपी के ग्रेटर नोएडा में बहुमंजिला रिहायशी इमारतों के बीच ऐसा दिखा सुपर स्नो मून।

यहां आपको ये भी बता दें कि इस सुपर स्नो मून को मंगलवार रात देश-दुनिया में करोड़ों लोगों ने अपने मोबाइल और कैमरों में कैद किया। लोगों ने इस अद्भुत चांद के साथ जमकर सेल्फी ली। कुछ जगहों पर इस सुपर स्नो मून को देखने के लिए विशेष तौर पर इंतजाम किए गए थे। सुपर स्नो मून का सबसे खूबसूरत नजारा समुंद्री किनारों पर देखने को मिला।

मंगलवार रात आकाश में साल का सबसे बड़ा चांद दिखा। खगोल वैज्ञानिकों के अनुसार ये चांद आम दिनों की तुलना में काफी विशाल और बहुत खूबसूरत था। वैज्ञानिकों के अनुसार चांद का ये अनोखा स्वरूप केवल पूर्णिमा की वजह से ही नहीं, बल्कि एक खास खगोलीय वजह से दिखा। वैज्ञानिक इस खगोलीय घटना को सुपर स्नो मून (Super Snow Moon) कह रहे हैं। दुनिया के कुछ देशों में इस खगोलीय घटना को स्ट्रॉम मून (Storm Moon) या हंगर मून (Hunger Moon) या बोन मून (Bone Moon) भी कह रहे हैं।

अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के अनुसार सुपर स्नो मून तब होता है, जब पूर्णिमा के दिन चांद-धरती के सबसे नजदीक होता है। इस वजह से इसका आकार और रोशनी आम पूर्णिमा के चांद के मुकाबले काफी ज्यादा होता है। इस दौरान चांद ज्यादा चमकीला और बड़ा दिखाई देता है। इसलिए इस खगोलीय घटना को सुपर स्नो मून कहा जाता है।

भारत में इस वक्त दिखा सुपर स्नो मून
भारत समेत ये सुपर स्नो मून दुनिया के कई देशों में दिखा। सुपर स्नो मून का समय मंगलवार रात नौ बजकर 23 मिनट से शुरू हुआ था। भारत में सुपर स्नो मून 19 फरवरी 2019 की शाम दिल्ली में 6:30 बजे, मुंबई में 5:20 बजे और कोलकाता में सूरज डूबने के बाद देखा गया। सुपर स्नो मून का समय रात 11 बजकर 23 मिनट तक रहा। हालांकि, मौसम की खराबी की वजह से कुछ जगहों पर सुपर स्नो मून का साफ नजारा नहीं देखा जा सके और कुछ जगहों पर चांद की बादलों में लुकाछिपी की वजह से लोगों को काफी इंतजार करना पड़ा।

सात साल बाद दिखेगा ऐसा चांद
वैज्ञानिकों के अनुसार अगले सुपर स्नो मून का नजारा आज के बाद करीब सात साल (लगभग 2555 दिन) बाद दिसंबर 2026 में दिखेगा। इससे पहले हुए सुपर स्नो मून की कई खूबसूरत तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर देखी जा सकती हैं। इस दौरान चांद अपने सामान्य आकार से लगभग 14 फीसद बड़ा और 30 प्रतिशत ज्यादा चमकीला दिखता है।

पिछले महीने हुआ था सुपर ब्लड मून
इससे पहले 21 जनवरी 2019 में अमेरिका के कुछ हिस्सों में सुपर ब्लड मून (Super Blood Moon) या सुपर वुल्फ ब्लड मून (Super wolf Blood Moon) का अद्भुत नजारा देखा गया था। वैज्ञानिकों के अनुसार मंगलवार को देखा गया सुपर स्नो मून, पिछले महीने दिखे सुपर ब्लड मून से भी आकार में बड़ा और चमकीला था।

वैज्ञानिकों के अनुसार मंगलवार को देखे गए सुपर स्नो मून का चांद, पिछले तीन सुपर स्नो मून के चांद से भी आकार में बड़ा था। सुपर ब्लड मून में चांद जहां लाल रंग का दिखा था, वहीं सुपर स्नो मून के दौरान ये चमकीले सफेद रंग का था। सुपर ब्लड मून तीन घंटे 30 मिनट तक रहा था।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.