सर्जिकल स्ट्राइक : सरहदी गांव करवाए जा रहे खाली, स्कूलों में छुट्टियां घोषित
भारत द्वारा पीओके में की गई कार्रवाई के बाद पंजाब व हरियाणा में सुरक्षा तंत्र सतर्क हो गया है। अतिरिक्त चौकसी बरती जा रही है।
चंडीगढ़ (वेब डेस्क)। उड़ी हमले के जवाब में भारत द्वारा पीओके में की गई सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पंजाब में पाकिस्तान से सटी सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। सीमा पर पहले से ही हाई अलर्ट पर चल रही सुरक्षा तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है। वहीं, पंजाब स्थित पाकिस्तानी सीमा के दस किलोमीटर के दायरे के गांवों को खाली किया जा रहा है। गांवों में सैन्य बलों के जवानों को रवाना किया जा रहा है। गांवों को खाली करने के आदेश के बाद गांवों दहशत का माहौल है। सीमा क्षेत्र के अस्पतालों में कुछ बेड रिजर्व कर दिए गए हैं।
गांवों से जाते लोग।
इस बीच पाकिस्तान सीमा के नजदीकी इलाके में स्कूलों में आज जल्दी छुट्टियां कर दी गईं। पंजाब शिक्षा विभाग ने एक आदेश जारी कर सीमा के 10 किलोमीटर क्षेत्र के सभी प्राइमरी स्कूलों को बंद करने के आदेश भी दिए हैं। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर दिया गया है। सीमावर्ती गांवों के अंदर भी सेना के जवान गांवों में पहुंच चुके हैं। लोग गांव खाली करने लगे हैं। लोगों ने कहा कि इस बार भारत को पाकिस्तान को सबक सिखा लेना चाहिए।
पाकिस्तान सीमा से सटे फिरोजपुर में प्रशासन ने किसान मेला ख़त्म करवाया। सभी को वहां से तत्काल जाने को कहा गया है। सीमा क्षेत्र के गांवों व शहरों में सेना की गतिविधि बढ़ गई है। वाघा बार्डर पर होने वाली रिट्रीट सेरेमनी को देखने के लिए आने वाले लोगों को एक किलोमीटर पीछे ही रोक दिया गया है।
पठानकोट अस्पताल में रिजर्व रखे गए बेड।
सीमा क्षेत्र में गुरदासपुर में डॉक्टर की छुट्टी रद कर दी गई है। वहीं, पठानकोट रोडवेज डिपो में 50 बसें रिजर्व रखी गई हैं। कहा जा रहा है कि अगर ज़रूरी होगा तो इन बसों को बार्डर पर लोगों को लेने के लिए भेजा जाएगा।
समझौता एक्सप्रेस से आज 100 यात्री भारत आए हैं। उधर, सीमा क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर युद्ध की आशंका से लोगों ने अपनी गाड़ियों में तेल भरवाना शुरू कर दिया है। लोग तेल रिजर्व में भी रख रहे हैं। पेट्रोल पंपों पर जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है।
सुरक्षा बलों ने सीमा पार की गतिविधियों पर निगहबानी तेज कर दी है। इधर, कैंट इलाकों में भी सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बता दें, भारत ने पहली बार सीमा पार जाकर पीओके में गत देर रात सर्जिकल स्ट्राइक की है। इस सर्जिकल स्ट्राइक में आतंकियों को भारी नुकसान हुआ है।
इसके बाद भारत में बैठे पाक समर्थित आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने फिराक में हो सकते हैैं। इसी के मद्देनजर अतिरिक्त चौकसी बरती जा रही है। अंबाला स्थिति सैन्य छावनी में भी अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैैं।
पढ़ें : भारत ने पहली बार PoK में जाकर ढेर किए आतंकी, देर रात की सर्जिकल स्ट्राइक