Move to Jagran APP

पहाड़ों पर बर्फबारी से पारा लुढ़का, मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड

पहाड़ों में जहां भारी बर्फबारी हो रही है वहीं दिल्ली समेत मैदानी इलाकों में ठंड ने दस्तक दे दी है। उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी हुई है जिससे लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं।

By Sachin BajpaiEdited By: Published: Sat, 28 Nov 2015 01:39 AM (IST)Updated: Sat, 28 Nov 2015 01:46 AM (IST)
पहाड़ों पर बर्फबारी से पारा लुढ़का, मैदानी इलाकों में बढ़ी ठंड

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली । पहाड़ों में जहां भारी बर्फबारी हो रही है वहीं दिल्ली समेत मैदानी इलाकों में ठंड ने दस्तक दे दी है। उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी हुई है जिससे लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए हैं। राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 22.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो बीते एक दशक में नवंबर माह में दर्ज सबसे कम अधिकतम तापमान रहा।

prime article banner

अचानक अधिकतम तापमान में हुई गिरावट की वजह राजस्थान में बने चक्रवाती क्षेत्र को बताया जा रहा है, जबकि कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के चलते हुई बर्फबारी का असर राजधानी तक पहुंचने में अभी समय लगेगा। अधिकतम तापमान में हुई सामान्य से तीन डिग्री की गिरावट के चलते दिल्ली में शुक्रवार को एकाएक ठंड बढ़ गई। अन्य मैदानी राज्यों हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश व बिहार में भी रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मैदानी इलाकों में सबसे न्यूनतम तापमान राजस्थान के चुरु में 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

उधर हिमाचल प्रदेश में मौसम में आए अचानक बदलाव से समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। राज्य में बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम व न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को भारी ठंड का सामना करना पड़ रहा है। ठंड से लोगों को ठिठुरने पर मजबूर होना पड़ा। गुरुवार की रात किन्नौर की पहाडि़यों में सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई। कल्पा, सांगला, रक्छम, छितकुल व युला के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गुरुवार रात से बर्फबारी शुरू हुई जो शुक्रवार को दिनभर जारी रही।

बीते 24 घंटों के दौरान मनाली में 16, बंजार 14, सियोबाग 13, रामपुर, मंडी व हमीरपुर में 12, भुंतर 10, सुंदरनगर 10, सलोनी नौ व डलहौजी में आठ मिलीमीटर बारिश हुई। राज्य के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों कल्पा में दो व केलंग में एक सेंटीमीटर बर्फबारी रिकॉर्ड की गई। शुक्रवार को यहां का अधिकतम तापमान बरठीं में 26.4 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम केलंग में शून्य 0.7 डिग्री सेल्सियस रहा।

वहीं उत्तराखंड में अचानक आए बदलाव से मौसम सर्द हो गया। प्रदेश में अधिकतर स्थानों पर सुबह से ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। केदारनाथ में अच्छी बर्फबारी हुई है। इसके अलावा बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री और हेमकुंड साहिब के साथ ही कुमाऊं के पिथौरागढ़ के आसपास की पहाडि़यों पर भी हिमपात हुआ है। इस दौरान केदारनाथ में करीब डेढ़ से दो फीट बर्फबारी के समाचार हैं। बारिश से गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा आने से नालूपानी के पास करीब चार घंटे बंद रहा। अल्मोड़ा, नैनीताल, चम्पावत, बागेश्वर और ऊधमसिंह नगर में भी बारिश से ठंड बढ़ गई है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.