कश्मीर से समर्थन वाले कप्तान शाहिद अफरीदी के बयान पर बवाल
पाकिस्तान क्रिकेट के कप्तान शाहिद अफरीदी नए विवाद में फंस गए हैं। अब इस बयान पर तीखी प्रतिक्रियाएं हो रही हैं।
नई दिल्ली। पाकिस्तान क्रिकेट के कप्तान शाहिद अफरीदी नए विवाद में फंस गए हैं। मंगलवार रात न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए टी-20 विश्वकप के मैच में उन्होंने कहा था कि बड़ी संख्या में कश्मीर से लोग उनके समर्थन में आए हैं। अब इस बयान पर तीखी प्रतिक्रियाएं हो रही हैं।
कांग्रेस के संदीप दीक्षित की नजर में यह अफरीदी की 'डेलिब्रेट बदमाशी' है। यानी उन्होंने जानबूझ कर कश्मीर का जिक्र किया है। संदीप के मुताबिक, खिलाड़ियों को ऐसी बयानबाजी से बचना चाहिए। अफरीदी ने सेना और अपनी सरकार के दबाव में कश्मीर का उल्लेख किया है।
वहीं संघ और विहिप भी खुलकर अफरीदी का विरोध कर रहे हैं। विहिप के विनोद बंसल का कहना है, अपनी कप्तानी बचाने के लिए अफरीदी ने कश्मीर का जिक्र किया है। वहीं संघ के राकेश सिन्हा ने भी अफरीदी की आलोचना की है।
मौजूदा विश्वकप के समय यह दूसरा मौका है जब अफरीदी के बयान पर बवाल मच रहा है। इससे पहले कोलकाता उतरते ही उन्होंने कहा था कि हमें पाकिस्तान से ज्यादा प्यार भारत में मिलता है। इस पर पाकिस्तान में तीखी प्रतिक्रिया हुई थी। यहां तक कि अफरीदी के खिलाफ कोर्ट केस भी हुआ है।