भारत सरकार ने पाकिस्तानी हिंदूओं को दिया लॉंग टर्म वीजा का तोहफा
पुलिस के मुताबिक अहमदाबाद में पाकिस्तान के करीब 3000 लोग लॉंग टर्म वीजा के साथ रह रहे हैं।
अहमदाबाद। विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान, अफगानिस्तान या बांग्लादेश से विस्थापित होकर भारत रहने आए अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों के लिए लंबे समय तक वीजा के नियम और शर्तों को उदार कर दिया है। नए नियमों के लागू होने के बाद भारत में रह रहे विस्थापित लोगों को काफी राहत मिली है।
पाकिस्तान से विस्थापित होकर भारत आए अल्पसंख्यक लोगों की संख्या गुजरात में सबसे ज्यादा है। ऐसे में इस फैसले से गुजरात में रह रहे इन लोगों के बीच जश्न का माहौल है। नए नियमों के मुताबिक लंबे समय तक के लिए वीजा लेकर आए अल्पसंख्यक समुदाय के लोग जिनमें हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और क्रिशचन अब भारत में अपना कोई रोजगार या व्यापार कर सकते हैं। इसके अलावा अब वो अपने वीजा को एक राज्य से दूसरे राज्य में ट्रांसफर भी करा सकते हैं।
इसके अलावा जिन लोगों ने अपना वीजा आगे नहीं बढ़वाया है वो मामूली जुर्माना देकर अपने वीजा को और आगे बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा वो ड्राइविंग लाइसेंस भी बनवा सकते हैं। पुलिस के मुताबिक अहमदाबाद में पाकिस्तान के करीब 3000 लोग लॉंग टर्म वीजा के साथ रह रहे हैं।