सेना-भाजपा के लिए राज ठाकरे की काट बनेगी आप
महाराष्ट्र में आम आदमी पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवारों के कारण राजग से ज्यादा नुकसान संप्रग को होने की संभावना जताई जा रही है। यही कारण है कि शिवसेना-भाजपा 'आप' के उम्मीदवारों को अपने लिए शुभ संकेत मान रही है। पिछले लोकसभा चुनाव में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना [मनसे]
ओमप्रकाश तिवारी, मुंबई। महाराष्ट्र में आम आदमी पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवारों के कारण राजग से ज्यादा नुकसान संप्रग को होने की संभावना जताई जा रही है। यही कारण है कि शिवसेना-भाजपा 'आप' के उम्मीदवारों को अपने लिए शुभ संकेत मान रही है।
पिछले लोकसभा चुनाव में राज ठाकरे की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना [मनसे] ने शिवसेना-भाजपा गठबंधन को अच्छा-खासा नुकसान पहुंचाया था। इस बार भी सेना-भाजपा गठबंधन से मनसे का समझौता नहीं हो सका है। लेकिन आम आदमी पार्टी के उदय से सेना-भाजपा गठबंधन को राज ठाकरे की काट दिखाई दे रही है। आप ने महाराष्ट्र के लिए फिलहाल छह उम्मीदवार घोषित किए हैं। इनमें मेधा पाटकर, मयंक गांधी एवं मीरा सान्याल मुंबई की विभिन्न सीटों से उम्मीदवार है, तो अंजलि दमानिया नागपुर से, सुभाष वारे पुणे से एवं विजय पंढारे नाशिक से उम्मीदवार बनाए गए हैं।
पढ़ें: निजीकरण व पूंजीवाद के खिलाफ नहीं 'आप' : केजरीवाल
उत्तर-पूर्व मुंबई से आप की उम्मीदवार मेधा पाटकर का सर्वाधिक काम गोवंडी-मानखुर्द विधानसभा क्षेत्र में जाना जाता है। पिछले लोकसभा चुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार संजय पाटिल इसी विधानसभा क्षेत्र से आगे रहकर भाजपा के किरीट सोमैया को हरा सके थे। यदि इस बार मेधा पाटकर जमकर लड़ीं तो नुकसान राकांपा का ही होगा। नाशिक में सिंचाई विभाग के पूर्व इंजीनियर विजय पंढारे भी राकांपा के सांसद समीर भुजबल को ही चुनौती देंगे। महाराष्ट्र मेंहुए 70 हजार करोड़ के सिंचाई घोटाले में राकांपा की ही मुख्य भूमिका मानी जाती है। इसलिए यहां भी पंढारे का चुनाव प्रचार मुख्यतया राकांपा के ही विरोध पर केंद्रित होगा। इसलिए नासिक में मनसे के कारण होने वाले नुकसान से सेना-भाजपा राहत महसूस कर रही हैं।
पुणे में भाजपा सुरेश कलमाड़ी से पिछला लोकसभा चुनाव मनसे की मौजूदगी के बावजूद महज 25 हजार के अंतर से हार गई थी। यदि इस बार भी कांग्रेस राष्ट्रमंडल घोटाले के दागी सुरेश कलमाड़ी को टिकट देती है, तो आप के निशाने पर कलमाड़ी ही होंगे। इससे सेना-भाजपा को मनसे के कारण होनेवाले नुकसान की भरपाई हो सकेगी। नागपुर में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी को आप की अंजलि दमानिया चुनौती देने जा रही हैं। लेकिन वहां दमानिया की उम्मीदवारी को लेकर आम आदमी पार्टी की एक सदस्य रूपा कुलकर्णी ने बगावत का बिगुल बजा दिया है। दक्षिण मुंबई से आप की उम्मीदवार मीरा सान्याल पिछले लोकसभा चुनाव में भी निर्दलीय उम्मीदवार थीं। लेकिन अपनी जमानत तक नहीं बचा सकी थीं। इस बार यदि आप के कारणउनके वोट कुछ बढ़े भी तो ज्यादा नुकसान कांग्रेस उम्मीदवार मिलिंद देवड़ा को ही होगा।