शाह के बयान पर दिग्विजय का तंज, कहा- आपके आए अच्छे दिन
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह द्वारा दिए गए अच्छे दिन वाले बयान पर सियासी तूफान खड़ा होता दिखाई दे रहा है। इस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने भाजपा से अच्छे दिनों की परिभाषा पूछी है। उन्होंने कहा कि यह
नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह द्वारा दिए गए अच्छे दिन वाले बयान पर सियासी तूफान खड़ा होता दिखाई दे रहा है। इस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने भाजपा से अच्छे दिनों की परिभाषा पूछी है। उन्होंने कहा कि यह अच्छे दिन ब्रिटिश राज जैसे ही होंगे। वहीं कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने इस बयान पर तंज कसते हुए ट्वीट किया कि अमित शाह के अच्छे दिन आ गए हैं और अब वह अपने खिलाफ चल रहे मुकदमों को खत्म कर सकते हैं।
शाह के बयान पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी चुटकी लेते हुए ट्वीट किया है कि यदि भाजपा इस बारे में आम चुनाव से पहले ही बता देती तो क्या जनता उन्हें वोट देती। भाजपा ने विपक्ष के हमलों को निराधार बताते हुए कहा है कि शाह के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है।
गौरतलब है कि कल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ भाजपा की समीक्षा बैठक में कहा था कि अच्छे दिन लाने के लिए भाजपा को 25 वर्ष लगेंगे। उनके इस बयान के बाद विरोधियों को भाजपा को घेरने का एक और मौका मिल गया है। भाजपा ने कहा है कि भाजपा अध्यक्ष के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। भाजपा के श्रीकांत शर्मा ने कहा है कि यह भाजपा की छवि को धूमिल करने की कोशिश है। उन्होंने इसके लिए मीडिया को भी नसीहत दे डाली। श्रीकांत ने कहा कि मीडिया को ज्यादा जिम्मेदार होने की जरूरत है।
उन्होंने शाह के बयान के समर्थन में कहा कि चीजों में बदलाव को देखने के लिए भाजपा को पांच वर्ष से अधिक चाहिए। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष के बयान के बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने के लिए मीडिया की आलोचना भी की। उनका कहना था कि भारत को विश्व में नंबर वन पर लाने के लिए पांच वर्ष से अधिक समय तो चाहिए ही।
भाजपा के सचिव श्रीकांत शर्मा ने कहा कि शाह ने कहा था कि भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार को रोका है और महंगाई को कम किया है। उन्होंने कहा था कि सरकार पांच वषरें में भ्रष्टाचार समाप्त करने और कई नौकरियां पैदा करने के लिए काम कर रही है लेकिन भारत को ‘विश्व गुरु’ बनाने का सपना पूरा होने में 25 वर्ष लगेंगे।
पढ़ें : महासंपर्क अभियान की समीक्षा को भोपाल पहुंचे अमित शाह