दिल्लीः फेसबुक दोस्त डॉक्टर पर दुष्कर्म का आरोप
कालकाजी की रहने वाली फैशन डिजाइनर युवती ने वसंत विहार में रहने वाले डॉक्टर पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। वसंत विहार थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि अभी आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
नई दिल्ली (जागरण संवाददाता)। कालकाजी की रहने वाली फैशन डिजाइनर युवती ने वसंत विहार में रहने वाले डॉक्टर पर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया है। वसंत विहार थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। हालांकि अभी आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय युवती कालकाजी इलाके में अकेले रहती है। बीते 23 दिसंबर को फेसबुक के जरिए डॉक्टर संजय कौशिक से उसका संपर्क हुआ और दोनों में दोस्ती हो गई। अगले दिन 24 दिसंबर को डॉक्टर ने अपने घर पार्टी आयोजित कर युवती को बुला लिया। घर पर रात को दोनों ने शराब पी। युवती का आरोप है कि जब वह बाथरूम गई उसी दौरान डॉक्टर संजय ने अपने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी डॉक्टर संजय का कहना है कि शनिवार को युवती ने फोन कर उससे पांच करोड़ रुपये की मांग की। नहीं देने पर मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी दी। उसने पैसे देने से इन्कार कर दिया तो युवती ने दिल्ली हाई कोर्ट के वकील के साथ वसंत विहार थाने पहुंचकर दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर दिया।
दोनों के बीच हुई बातचीत को उसने मोबाइल में रिकार्ड कर लिया है। वसंत विहार थाने में डॉक्टर संजय व युवती के बीच काफी देर तक बहस हुई। अंतत: आला अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया।