पूर्व एयर होस्टेस का गंभीर आरोप, आठ महीने से हो रहा रेप
महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों में मुंबई का नाम भी जुड़ गया है। यहां एक पूर्व एयर होस्टेस से दुष्कर्म का मामला सामने है। 29 वर्षीय पीड़ित महिला ने एक रियल स्टेट कारोबारी पर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पिछले आठ महीने से शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था।
मुंबई। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों में मुंबई का नाम भी जुड़ गया है। यहां एक पूर्व एयर होस्टेस से दुष्कर्म का मामला सामने है। 29 वर्षीय पीड़ित महिला ने एक रियल स्टेट कारोबारी पर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी पिछले आठ महीने से शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। पीड़िता के अनुसार आरोपी ने उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल नेटवर्किग साइट पर भी डाल दी है।
कफ परेड थाने में दर्ज शिकायत के बाद पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान हेमराज तेजुजा के रूप में की गई है। वो जून 2013 से फरवरी 2014 तक पीड़ित युवती के साथ दुष्कर्म कर रहा था। अधिकारी ने बताया कि आरोपी तेजुजा का घर मालाबार हिल्स इलाके के देसाई रोड पर स्थित है। पीड़ित युवती देसाई रियल स्टेट के सेल्स डिपार्टमेंट में काम करती थी। इससे पहले पीड़ित युवती एक बड़ी एयरलाइंस कंपनी में एयर होस्टेस का काम करती थी। लेकिन बाद में उसने यहां कि नौकरी छोड़ तेजुजा के रियल स्टेट कंपनी को ज्वाइन किया। युवती के साथ दुष्कर्म की पहली वारदात गोवा में हुई थी।
अधिकारी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने शिकायत की है कि आरोपी उसके साथ कई बार दुष्कर्म कर चुका है और इसका खुलासा करने पर जान से मारने की धमकी देता था। कफ परेड के सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आइपीसी की धारा 376 (रेप) के अलावा आइटी एक्ट की धारा 66 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पीड़िता के बयान के आधार पर कार्रवाई कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।