झारखंड में दूसरे चरण में 65.72 फीसद मतदान
इसे चुनाव आयोग के जागरूकता अभियान का नतीजा कहें या फिर मतदाताओं की लोकतंत्र के प्रति बढ़ती आस्था, दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं ने अपने मताधिकार के प्रयोग में बढ़-चढ़कर उत्साह दिखाया। इस दौर में कोल्हान की तेरह और दक्षिण छोटानागपुर की सात सीटों के लिए मंगलवार
रांची, राज्य ब्यूरो। इसे चुनाव आयोग के जागरूकता अभियान का नतीजा कहें या फिर मतदाताओं की लोकतंत्र के प्रति बढ़ती आस्था, दूसरे चरण के विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं ने अपने मताधिकार के प्रयोग में बढ़-चढ़कर उत्साह दिखाया। इस दौर में कोल्हान की तेरह और दक्षिण छोटानागपुर की सात सीटों के लिए मंगलवार को औसतन 65.72 फीसद मतदान हुआ, जो पहले चरण से 2.37 फीसद अधिक है। हालांकि चुनाव आयोग के ये प्रारंभिक आंकड़े हैं, इसमें आंशिक संशोधन भी संभव है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में निर्विघ्न व शांतिपूर्ण मतदान संपन्न होना भी चुनाव आयोग की बड़ी सफलता रही।
दूसरे चरण में सबसे अधिक मतदान पश्चिम सिंहभूम की जगन्नाथपुर सीट में हुआ। यहां कुल वैध मतदाताओं में से 76 फीसद ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सबसे कम मतदान जमशेदपुर पूर्व में मात्र 58 प्रतिशत हुआ। बहरागोड़ा में 74 फीसद, मझगांव में 72 तो खरसावां में 71 फीसद वोटरों ने वोट डाले। जमशेदपुर पूर्व, खूंटी व तोरपा को छोड़ दें तो अन्य सभी सीटों पर 60 फीसद से अधिक मतदान हुआ। अधिक मतदान जहां लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत है तो वहीं इसने प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ा दी है।
दूसरे चरण में जिन 20 सीटों के लिए चुनाव हुआ है, उसमें कई राजनीतिक दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई है। इनमें पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व उपमुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, वरिष्ठ भाजपा नेता सरयू राय, मंत्री चंपई सोरेन, बन्ना गुप्ता, गीताश्री उरांव, पूर्व मंत्री एनोस एक्का और तृणमूल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बंधु तिर्की शामिल हैं।
कहां कितना हुआ मतदान
विधानसभा क्षेत्र मतदान प्रतिशत
बहरागोड़ा 74.00
घाटशिला 67.00
पोटका 66.00
जुगसलाई 69.00
जमशेदपुर पूर्वी 58.00
जमशेदपुर पश्चिम 60.00
सरायकेला 65.00
चाईबासा 68.00
मझगांव 72.00
जगन्नाथपुर 76.00
मनोहरपुर 65.00
चक्रधरपुर 65.30
खरसावां 71.00
तमाड़ 68.00
तोरपा 59.89
खूंटी 59.70
मांडर 63.00
सिसई 63.24
सिमडेगा 65.00
कोलेबिरा 67.00