सालभर में सामने आई भ्रष्टाचार से जुड़ीं 64 हजार शिकायतें
देशभर में भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों में भारी वृद्धि हुई है। केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) की वार्षिक रिपोर्ट में साल 2014 में भ्रष्टाचार से जुड़ी 64,410 शिकायतें आने की बात कही गई है। रेलवे के खिलाफ सबसे ज्यादा शिकायतें दर्ज कराई गई।
नई दिल्ली। देशभर में भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों में भारी वृद्धि हुई है। केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) की वार्षिक रिपोर्ट में साल 2014 में भ्रष्टाचार से जुड़ी 64,410 शिकायतें आने की बात कही गई है। रेलवे के खिलाफ सबसे ज्यादा शिकायतें दर्ज कराई गई।
संसद में हाल ही में पेश रिपोर्ट के मुताबिक वर्ष 2013 की तुलना में 2014 में भ्रष्टाचार की शिकायतों में 82.29 फीसद की वृद्धि दर्ज की गई। वर्ष 2013 में ऐसी 35,332 शिकायतें मिली थीं। सीवीसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आयोग को पहली बार इतनी बड़ी संख्या में भ्रष्टाचार की शिकायतें मिली हैं। कुल शिकायतों में 36,115 संदिग्ध या पुष्टि करने योग्य नहीं हैं। 758 अज्ञात या छद्म नामों से दर्ज कराए गए और 24,012 शिकायतें अधिकारियों के खिलाफ आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक 1,214 शिकायतों को जांच के लिए मुख्य सतर्कता अधिकारियों (सीवीओ) के पास भेजा गया है।
शीर्ष पर रेलवे
भ्रष्टाचार से जुड़ी शिकायतों के मामले में रेलवे शीर्ष पर है। इसके खिलाफ 12,776 शिकायतें सीवीसी के पास भेजी गई। इसके बाद बैंक अधिकारियों (6,836), दिल्ली सरकार के कर्मचारियों (3,572) और आयकर अफसरों (3,468) के खिलाफ भ्रष्टाचार से जुड़ी सबसे ज्यादा शिकायतें आई हैं। सीवीओ को सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ तकरीबन 45,713 शिकायतें मिलीं। इनमें से बत्तीस हजार से ज्यादा मामलों को निपटाया जा चुका है। वर्ष 2014 के दौरान सीवीसी ने 5,867 मामलों में अपनी सलाह दी थी।