विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी, पाकिस्तानी जेलों में बंद हैं 405 भारतीय
भारत और पाकिस्तान के गैर सरकारी संगठनों की एक संयुक्त पहल 'आगाज ए दोस्ती' को विदेश मंत्रालय ने सूचना के अधिकार (आरटीआइ) के तहत यह जानकारी दी है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। पाकिस्तान की विभिन्न जेलों में कुल 405 भारतीय बंद हैं। इनमें से 355 मछुआरे और पांच महिलाएं हैं। भारत और पाकिस्तान के गैर सरकारी संगठनों की एक संयुक्त पहल 'आगाज ए दोस्ती' को विदेश मंत्रालय ने सूचना के अधिकार (आरटीआइ) के तहत यह जानकारी दी है।
संगठन की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, यह आंकड़े एक जुलाई, 2015 तक के हैं। इससे पहले 2014 में भी संगठन ने ऐसी ही सूची जारी थी। 'आगाज ए दोस्ती' के संस्थापक रवि नितेश ने बताया कि सार्वजनिक हलके में पहली बार इतनी विस्तृत सूची जारी की गई है। इसका उद्देश्य प्रभावित व्यक्तियों के परिवारों की मदद करना है, जो यह भी नहीं जानते कि उनके संबंधी जेलों में बंद हैं।
पढ़ेंः एनएसजी बैठक से पहले भारत को बदनाम करने की कोशिश
नितेश ने बताया कि आरटीआइ के जरिए यह जानकारी 2008 के उस समझौते के संदर्भ में मांगी गई थी जिसके तहत दोनों देश कैदियों की सूची का आदान-प्रदान करते हैं। उन्होंने दोनों देशों की सरकारों से अपील की कि वे इतने महत्वपूर्ण आंकड़ों को खुद जारी करें ताकि कारावास अवधि पूरी होने के बावजूद कैदियों को जेलों में बंद न रहना पड़े। इसके अलावा उनका संगठन दोनों देशों की सरकारों को पत्र लिखने की भी योजना बना रहा है जिसमें सरकारी बाधाओं के कारण जेल में बंद कैदियों को रिहा करने की मांग की जाएगी।
पढ़ेंः NSG में भारत की एंट्री पर नहीं बनीं सहमति, 6 देशों ने किया विरोध