आडवाणी समेत 401 सांसदों ने नहीं दी संपत्ति की जानकारी
वर्तमान लोकसभा के 400 से ज्यादा सांसदों ने अपनी संपत्तियों और देनदारियों का ब्योरा नहीं दिया है। इनमें राहुल गांधी, सोनिया गांधी, लालकृष्ण आडवाणी और राजनाथ सिंह जैसे प्रमुख नाम भी शामिल हैं। यह खुलासा एक आरटीआइ में हुआ है।
नई दिल्ली। वर्तमान लोकसभा के 400 से ज्यादा सांसदों ने अपनी संपत्तियों और देनदारियों का ब्योरा नहीं दिया है। इनमें राहुल गांधी, सोनिया गांधी, लालकृष्ण आडवाणी और राजनाथ सिंह जैसे प्रमुख नाम भी शामिल हैं। यह खुलासा एक आरटीआइ में हुआ है।
एक आरटीआइ के जवाब में लोकसभा सचिवालय ने बताया कि अब तक 401 सांसदों ने इस संबंध में ब्योरा नहीं दिया है। 'लोकसभा सदस्य संपत्ति ब्योरा नियम 2004' के मुताबिक शपथ लेने के 90 दिनों के अंदर लोकसभा सदस्य को अपनी संपत्ति का ब्योरा जमा कराना होता है। ब्योरा न सौंपने वाले बड़े नामों में सुषमा स्वराज, उमा भारती, नितिन गडकरी और सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव भी शामिल हैं। आरटीआइ 26 सितंबर को प्राप्त हुई थी। सचिवालय ने बताया कि इस तारीख तक इस संबंध में सदस्यों से कोई पत्राचार नहीं किया गया था।
सभी पार्टियां एक समान:
आरटीआइ से मिले जवाब के अनुसार भाजपा के 209, कांग्रेस के 31, तृणमूल कांग्रेस के 27, बीजद के 18, शिवसेना के 15, तेदेपा के 14, अन्नाद्रमुक के नौ, टीआरएस के आठ, वाईएसआर कांग्रेस के सात, लोजपा के छह, एनसीपी, सीपीआइ (एम) व सपा के चार-चार, अकाली दल, राजद व आप के तीन-तीन तथा जदयू व अपना दल के दो-दो सदस्यों ने अब तक अपनी संपत्ति का ब्योरा नहीं दिया है।
पढ़ें: दोनों प्रदेशों में सत्ता से बेदखल होने के बाद राहुल गांधी ने दी भाजपा को बधाई