एक साल में कौशल विकास के क्षेत्र में हुई 36.8% वृद्धि: राजीव प्रताप रूडी
केंद्रीय राज्यमंत्री राजीव प्रताप रूडी ने सरकार के दो साल पूरे होने के उपलक्ष्य में अपने मंत्रालय की उपलब्धियों का ब्यौरा दिया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा भी की।
नई दिल्ली,(जेएनएन)। मोदी सरकार के दो साल पूरे होने पर केंद्रीय कौशल विकास व उद्यमिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) राजीव प्रताप रूडी ने अपने मंत्रालय की दो साल की उपलब्धियों को लेकर आज प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने जानकारी देते हुए कहा कि 'एक साल में देश में कौशल विकास के क्षेत्र में 36.8% वृद्धि हुई है।' रूडी ने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि 'पहली बार स्वतंत्र भारत में किसी प्रधानमंत्री ने लोगों के कौशल विकास के लिए अलग मंत्रालय की स्थापना की है। इस कार्यक्रम के जरिए 2022 तक चालीस करोड़ लोगों के कौशल प्रशिक्षण का लक्ष्य रखा गया है।' उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने 15 जुलाई 2005 को राष्ट्रीय कौशल विकास मिशन की शुरुआत की थी।
मोदी पीएम हैं, शहंशाह नहीं; जो हम पर रोज लगा रहे इल्जाम : सोनिया गांधी
राजीव प्रताप रूडी ने कहा कि 'पूरे देश में कौैशल विकास मिशन पर काफी जोर दिया जा रहा है। देशभर के सभी कौशल विकास के कार्यक्रमों को एक सामान ढांचे में श्रेणीबद्ध करना किसी चुनौती से कम नहीं था। पहली बार आईटीआई से पास छात्रों के लिए भव्य दीक्षांत समारोह होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार आयोजित हो रहे इस दीक्षांत समारोह में भाग लेंगे।'
उन्होंने आगे कहा कि श्रम प्रबंधन सूचना प्रणाली पोर्टल को विकसित किया जा रहा है ताकि कुशल कार्यबल का एक डाटाबेस तैयार हो सके। सरकर कौशल आकलन और प्रमाणन के लिए राष्ट्रीय बोर्ड की स्थापना करने जा रही है। इसके अलावा शिक्षुता कार्यक्रम पर भी जोर दिया जा रहा है। इस कार्यक्रम से पूरे देश के कौशल पारिस्थितिकी तंत्र में महान सुधार लाया जा सकेगा। कौशल विकास में समुदाय रेडियो, डीटीएच और ऑनलाइन पोर्टल का उपयोग करने की योजना बनाई गई है। प्रशिक्षण आवश्यकताओं और उद्देश्यों को निर्धारित किया जा रहा है।